Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

शोभापुर कॉलोनी में 2 दिन से पानी सप्लाई ठप, पाइपलाइन जॉइंट उखड़ने से 7 वार्डों में हाहाकार

By
On:

खबरवाणी

शोभापुर कॉलोनी में 2 दिन से पानी सप्लाई ठप, पाइपलाइन जॉइंट उखड़ने से 7 वार्डों में हाहाकार

खबरवाणी न्यूज़ – रफीक

सारनी। नगर पालिका क्षेत्र सारणी के शोभापुर कॉलोनी सहित आसपास के करीब 7 वार्डों में पिछले दो दिनों से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी हुई है, जिससे आम नागरिकों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पानी की किल्लत के चलते लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई है और घरों में पीने तक का पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कैलाश नगर स्थित पानी टंकी के पास मुख्य पाइपलाइन का जॉइंट उखड़ जाने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। यह पाइपलाइन जल आवर्धन योजना के तहत बिछाई गई थी, जो जमीन से लगभग 3 फीट नीचे सड़क के अंदर स्थित है। पाइपलाइन के जॉइंट को सुधारने के लिए पहले सड़क की खुदाई करनी पड़ती है, उसके बाद भारी-भरकम पाइप को बाहर निकालकर मशीन के माध्यम से गर्म कर जोड़ने की प्रक्रिया अपनाई जाती है।
इस कार्य के दौरान तकनीकी दिक्कतें भी सामने आईं। जॉइंट बनाने वाली मशीन बीच में खराब हो गई, जिससे मरम्मत कार्य प्रभावित हुआ। हालांकि मशीन को सुधारने के बाद कम्पनी के कर्मचारी पुनः कार्य में जुट गए हैं और लगातार प्रयास किए जा रहे हैं कि जल्द से जल्द पाइपलाइन का जॉइंट तैयार कर सप्लाई बहाल की जा सके।
कम्पनी के अधिकारियों का कहना है कि कार्य अंतिम चरण में है और संभावना है कि आज पानी की सप्लाई सुचारू रूप से शुरू कर दी जाएगी। मौके पर कर्मचारी लगातार मेहनत कर रहे हैं, लेकिन तकनीकी प्रक्रिया जटिल होने के कारण समय अधिक लग रहा है।
इधर भीषण गर्मी के चलते स्थिति और गंभीर हो गई है। लोगों को पीने के पानी के साथ-साथ नहाने, कपड़े धोने और अन्य दैनिक उपयोग के लिए भी पानी की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवार झिरिया और अन्य अस्थायी जल स्रोतों पर निर्भर हो गए हैं, जहां से वे तेल की कैन और बर्तनों में पानी भरकर घर ले जा रहे हैं।
वहीं नगर में रोजाना की जाने वाली सप्लाई बंद होने से लोगों को दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है। महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष रूप से परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका से जल्द से जल्द समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News