खबरवाणी
बोडखी में सनसनी ………मंगल भवन के पास नाली में मिला एक दिन से लापता युवक का शव, हत्या या दुर्घटना? जांच में जुटी पुलिस
आमला। बुधवार शाम से लापता था युवक, सुबह नाली में औंधे मुंह पड़ी मिली लाश; सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद होगा मौत की असली वजह का खुलासा
आमला उप नगर के बोडखी क्षेत्र में गुरुवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब महात्मा गांधी वार्ड के लोहार मोहल्ला स्थित मंगल भवन के पास एक गहरी नाली में युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई और देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आमला थाना पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
मृतक की पहचान सतीश चौहान के रूप में हुई, बुधवार शाम से थे लापता
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सतीश चौहान (56 वर्ष) निवासी महात्मा गांधी वार्ड, माता मंदिर के पास, बोडखी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि सतीश चौहान बुधवार शाम करीब 6:30 बजे घर से निकले थे, जिसके बाद वे वापस नहीं लौटे। परिजन देर रात तक उनकी तलाश करते रहे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह नाली में शव मिलने की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान सतीश चौहान के रूप में की गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आएगी मौत की असली वजह
प्रधान आरक्षक संतोष मालवीय ने बताया कि मृतक सतीश चौहान बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे से लापता थे। गुरुवार को उनका शव महात्मा गांधी वार्ड स्थित मंगल भवन के पास नाली में मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।





