Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

​एसडीएम शैलेंद्र बड़ोनिया ने किया ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण, लापरवाही मिलने पर भड़के, दिए सख्त निर्देश।

By
On:

खबरवाणी

​एसडीएम शैलेंद्र बड़ोनिया ने किया ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण, लापरवाही मिलने पर भड़के, दिए सख्त निर्देश।

​अंगानवाड़ी केंद्र सेमरिया की व्यवस्थाओं को देख जताई प्रसन्नता, कचरा गाड़ी परिसर में खड़ी मिलने पर कोटवार का वेतन काटने के निर्देश।

आमला , अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शैलेंद्र बड़ोनिया द्वारा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों और आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई तरह की अनियमिताएं और लापरवाही सामने आने पर एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं में सुधार के सख्त निर्देश दिए। वहीं एक आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने प्रसन्नता भी व्यक्त की।
​जम्बाड़ी बुजुर्ग में अधूरी मिली कैश बुक
​एसडीएम बड़ोनिया ने सबसे पहले ग्राम पंचायत जम्बाड़ी बुजुर्ग का निरीक्षण किया। वहाँ जब उन्होंने सचिव से कैश बुक और बिल वाउचर मंगवाए, तो जांच में पाया गया कि कैश बुक पूरी तरह से संधारित नहीं थी और उस पर सचिव के इनिशियल हस्ताक्षर भी गायब थे। इस पर नाराजगी जताते हुए एसडीएम ने सचिव को तत्काल कैश बुक पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने ग्राम रोजगार सहायक को ई-केवाईसी की धीमी प्रगति में सुधार करने और सरपंच को ग्रामीणों के लिए सुचारू पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
​कुपोषित बच्चों की स्थिति का लिया जायजा
​परियोजना अधिकारी निर्मल सिंह ठाकुर की उपस्थिति में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मोनिका गीते से पोषण ट्रैकर ऐप के माध्यम से बच्चों की उपस्थिति और नाश्ता-भोजन की एंट्री का परीक्षण किया गया। एसडीएम ने कुपोषित बच्चों की जानकारी ली, जिस पर कार्यकर्ता ने बताया कि पूर्व में चिन्हित एक कुपोषित बच्चे को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया गया था, जो अब पूरी तरह स्वस्थ है। इस व्यवस्था पर अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया।
​लापरवाही पर कोटवार का वेतन काटने के आदेश
​इसके बाद एसडीएम ने ग्राम पंचायत जम्बाड़ी खुर्द का रुख किया। वहां उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत भवन प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक अनिवार्य रूप से खुला रहना चाहिए और पंचायत के सभी कार्य समय सीमा में पूरे होने चाहिए। निरीक्षण के दौरान कचरा गाड़ी का उपयोग न होकर वह सिर्फ पंचायत परिसर में खड़ी पाई गई। इस लापरवाही को देख और कोटवार को बिना वर्दी के पाए जाने पर एसडीएम ने उसका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी कर दिए। इसके उपरांत सरपंच श्रीमती यादव द्वारा नव निर्मित मोक्ष धाम का अवलोकन भी कराया गया।
​ओवररेट यूरिया बेचने वाली खाद विक्रेता को नोटिस
​दौरे के दौरान ग्रामीणों ने एक बड़ी शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों का आरोप था कि खाद विक्रेता पिंकी साहू द्वारा निर्धारित दर से अधिक (ओवर रेट) पर यूरिया बेचा जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम बड़ोनिया ने वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि संबंधित खाद विक्रेता को तत्काल नोटिस जारी कर जांच की जाए। यदि शिकायत सही पाई जाती है, तो विक्रेता का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाए।
​सेमरिया की आंगनवाड़ी बनी मिसाल
​दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक चले इस मैराथन निरीक्षण के अंत में एसडीएम सेमरिया की आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचे। यहाँ की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं को देखकर वे अत्यंत प्रसन्न हुए। उक्त आंगनवाड़ी, सरपंच श्रीमती रेखा संजू यादव (जम्बाड़ी खुर्द) के सहयोग से एक ‘आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र’ के रूप में विकसित की गई है, जहाँ साफ-सफाई के साथ-साथ बच्चों के खेलने के लिए अतिरिक्त खिलौने और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध पाई गईं।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News