खबरवाणी
एसडीएम शैलेन्द्र बड़ोनिया ने अम्बाड़ा, झिटापाटी एवं बोथिया ब्राम्हणवाड़ा का किया औचक निरीक्षण, लंबित कार्यों पर जताई नाराजगी
आमला। एसडीएम शैलेन्द्र बड़ोनिया ने 4 मई 2026 को ग्राम पंचायत अम्बाड़ा, आदित्य लॉजिस्टिक्स उपार्जन केंद्र झिटापाटी एवं ग्राम पंचायत बोथिया ब्राम्हणवाड़ा का औचक निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अम्बाड़ा पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा निर्माण प्रारंभ नहीं करने वाले हितग्राहियों से वसूली की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। समग्र आईडी ई-केवाईसी, संबल योजना, केसबुक संधारण, नलजल योजना, निर्माणाधीन पुलिया एवं पंचायत भवन की स्थिति पर भी नाराजगी जताते हुए समयसीमा में सुधार के निर्देश दिए गए। सामुदायिक भवन जर्जर मिलने पर सुरक्षा की दृष्टि से उसे तत्काल डिस्मेंटल करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान सरपंच ने पटवारी की लगातार अनुपस्थिति एवं क्षेत्र में अवैध उत्खनन पर कार्रवाई नहीं होने की शिकायत भी दर्ज कराई। झिटापाटी उपार्जन केंद्र में किसानों के भुगतान, एफएक्यू फ्लेक्स प्रदर्शन तथा परिवहन रिकॉर्ड अपूर्ण मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।
वहीं ग्राम पंचायत बोथिया ब्राम्हणवाड़ा में भी केसबुक अद्यतन नहीं मिलने, समग्र आईडी ई-केवाईसी एवं संबल योजना के प्रकरण लंबित पाए जाने पर एसडीएम ने सात दिवस में सभी लंबित कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। पेयजल व्यवस्था बाधित मिलने पर एमपीईबी अधिकारियों को डीपी तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





