खबरवाणी
स्वास्थ्य केन्द्र आमला का एसडीएम बडौनिया ने किया निरीक्षण, एक्सपायरी दवाएं मिलने पर कार्रवाई के निर्देश
आमला। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, आमला का एसडीएम शैलेन्द्र बडौनिया द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक नरवरे उपस्थित पाए गए तथा ओपीडी, बीपी एवं शुगर जांच सेवाएं सुचारू रूप से संचालित पाई गईं। आपातकालीन सेवाओं हेतु 8 चिकित्सकों की तैनाती का भी परीक्षण किया गया।
दवा वितरण केन्द्र की जांच में एसाइक्लोविर 200 mg सहित मई, जून एवं जुलाई माह की एक्सपायरी दवाएं पाई गईं, जिन्हें तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही फार्मासिस्ट को आगामी तीन माह में समाप्त होने वाली दवाओं को भी अलग करने के निर्देश दिए गए।
ओपीडी में बाहरी दवाएं लिखे जाने के मामले में डॉ. प्रदीप माण्डेकर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। खण्ड चिकित्सा अधिकारी को दवाओं की कमी से बचने हेतु 15 दिवस पूर्व मांग सुनिश्चित करने को कहा गया।
एचपीवी टीकाकरण की समीक्षा में 1625 के लक्ष्य के विरुद्ध 1523 बालिकाओं का टीकाकरण पाया गया, शेष लक्ष्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। एक्स-रे रिपोर्ट समय-सीमा में उपलब्ध कराने तथा लैब एवं ब्लड कलेक्शन व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
पोस्टमार्टम कक्ष में मेडिकल वेस्ट एवं साफ-सफाई की कमी पाए जाने पर सुधार के निर्देश दिए गए। वहीं, मरीजों ने उपचार एवं भोजन व्यवस्था पर संतोष जताया, हालांकि गर्भवती महिलाओं के भोजन भुगतान लंबित पाए जाने पर शीघ्र भुगतान के निर्देश दिए गए।
अंत में अस्पताल परिसर, वार्ड एवं शौचालयों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।





