खबरवाणी
गांजा तस्करी पर सारनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन महिला आरोपी गिरफ्तार
खबरवाणी न्यूज़, रफीक
सारनी । 30 मई 2026। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सारणी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रही तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना सारणी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार 10 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर पहले ही बबलू धुर्वे निवासी बगडोना बस्ती और शेख फरीद निवासी सारणी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। इस मामले में अपराध क्रमांक 146/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने 30 मई को टीम गठित कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू की। इसके बाद सीमा उर्फ रमती बाई (40 वर्ष), पति रामू उईके, निवासी बगडोना बस्ती, थाना सारणी, कविता (35 वर्ष), पति कलीराम सरियाम, निवासी कैलाश नगर शोभापुर,सविता (40 वर्ष), पिता रामू उईके, निवासी बगडोना बस्ती, थाना सारणी को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी लंबे समय से फरार चल रही थीं।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को न्यायालय बैतूल में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उपनिरीक्षक प्रीति पालेवार, प्रधान आरक्षक श्रीराम उईके सहित आरक्षक मोहित भाटी, जितेन्द्र मोरे, मोनू उईके, वर्षा नागले एवं लक्ष्मी कश्यप की सराहनीय भूमिका रही।





