खबरवाणी
बिजली और पानी संकट से जूझती सारनी , कभी समृद्ध क्षेत्र आज परेशान
खबरवाणी न्यूज़ | रफीक
सारनी। सारनी जो कभी भरपूर बिजली और पानी के लिए जानी जाती थी, आज बुनियादी सुविधाओं के संकट से जूझ रही है। जिस शहर से प्रदेश और अन्य राज्यों तक बिजली सप्लाई होती है, वहीं अब स्थानीय लोगों को बार-बार बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। एमपीजीसीएल का पावर प्लांट होने के बावजूद मेंटेनेंस के नाम पर लगातार बिजली बंद की जा रही है, जिससे शादी, त्योहार और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
क्षेत्र के शोभापुर कॉलोनी और कई वार्डों में अभी तक बिजली के खंभे तक नहीं लगे हैं, जिससे लोग अस्थायी कनेक्शन पर निर्भर हैं।
दूसरी ओर, पानी की समस्या भी विकराल रूप ले चुकी है। तवा डैम जैसे विशाल जल स्रोत के पास होने के बावजूद सारणी और आसपास के क्षेत्रों में तीन-तीन दिन में पानी सप्लाई हो रही है। पाथाखेड़ा, शोभापुर और बागडोना क्षेत्र भी इससे अछूते नहीं हैं। करोड़ों की नल-जल योजना के बावजूद नियमित जल आपूर्ति नहीं हो पा रही है और बिना पूर्व सूचना के पानी बंद कर दिया जाता है, जिससे लोग वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं कर पाते।
स्थिति यह है कि लोग पानी के लिए टैंकरों के पीछे लाइन लगाकर अपनी जरूरत पूरी कर रहे हैं। नागरिकों ने नगर पालिका और प्रशासन से बिजली व पानी की समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है। कभी रोशनी और पानी देने वाला यह क्षेत्र आज खुद ही बूंद-बूंद पानी और स्थिर बिजली के लिए संघर्ष कर रहा है।





