Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

बुराइयों की आहुति देकर लिया आत्मपरिवर्तन का संकल्प

By
On:

खबरवाणी

बुराइयों की आहुति देकर लिया आत्मपरिवर्तन का संकल्प

राजयोग से जीवन में आती है कर्मों की कुशलता, आज से शुरू होगा निशुल्क प्रशिक्षण

भौंरा। के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय गीता ज्ञान प्रवचन एवं गीता ज्ञान यज्ञ का रविवार को भव्य समापन हुआ। स्थानीय मंगल भवन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। समापन अवसर पर वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा, भक्ति और आत्मचिंतन से सराबोर दिखाई दिया।

सिवनी से पधारी ब्रह्माकुमारी आस्था बहन जी ने प्रवचन देते हुए कहा कि गीता केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को श्रेष्ठ दिशा देने वाला ज्ञान है। उन्होंने कहा कि मनुष्य यदि अपने जीवन में गीता की शिक्षाओं को धारण कर ले तो उसके विचार, व्यवहार और कर्मों में सकारात्मक परिवर्तन आ सकता है। राजयोग मेडिटेशन मनुष्य को मानसिक शांति, आत्मबल और कर्मों में कुशलता प्रदान करता है।

कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने अपने भीतर की बुराइयों, विकारों और व्यसनों की प्रतीकात्मक आहुति देकर उन्हें जीवन से त्यागने का संकल्प लिया। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने क्रोध, लोभ, अहंकार, नशा और अन्य बुराइयों से दूर रहने का प्रण लिया।

आस्था बहन जी ने भावुक शब्दों में कहा कि जिस प्रकार कथा वाचकों को दक्षिणा दी जाती है, उसी प्रकार वे श्रोताओं से दक्षिणा के रूप में उनकी बुराइयों और व्यसनों का त्याग मांग रही हैं। उन्होंने सभी से प्रतिदिन राजयोग का अभ्यास करने तथा ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र पहुंचकर ईश्वरीय ज्ञान का लाभ लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आत्मपरिवर्तन का छोटा-सा प्रयास भी जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है।

इस अवसर पर बैतूल की संचालिका ब्रह्माकुमारी मंजू बहन जी ने स्थानीय सेवा केंद्र की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि संस्था द्वारा निशुल्क राजयोग मेडिटेशन प्रशिक्षण के माध्यम से लोगों को तनावमुक्त और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा दी जा रही है।

कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को बूंदी एवं केले का प्रसाद वितरित किया गया। समापन अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और उत्साह देखने को मिला।

आज से शुरू होगा निशुल्क राजयोग प्रशिक्षण

भौंरा सेवा केंद्र की प्रमुख अरुणा दीदी ने बताया कि ब्रह्माकुमारीज के स्थानीय सेवा केंद्र “ज्ञान योग भवन” ग्राम पंचायत परिसर भौंरा में 24 मई से निशुल्क राजयोग मेडिटेशन प्रशिक्षण प्रारंभ किया जाएगा। यह प्रशिक्षण सभी आयु वर्ग, धर्म और समाज के लोगों के लिए निःशुल्क रहेगा। प्रशिक्षण सुबह 7 बजे से 11 बजे तथा शाम 4 बजे से 8 बजे के बीच किसी भी एक घंटे के स्लॉट में प्राप्त किया जा सकेगा।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News