Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

जिम्मेदारी से पीछे हटतीं शासकीय नेहरू महाविद्यालय की प्राचार्य रेणु राजेश……

By
On:

खबरवाणी

जिम्मेदारी से पीछे हटतीं शासकीय नेहरू महाविद्यालय की प्राचार्य रेणु राजेश……

बस संचालन में अनियमितताओं पर साधी चुप्पी, मीडिया को जानकारी देने से किया इनकार……

अशोकनगर। शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अशोकनगर में छात्र-छात्राओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए बस संचालन की प्रक्रिया में सामने आ रही अनियमितताओं ने महाविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिसर में विद्यार्थियों के आवागमन को सुलभ बनाने के उद्देश्य से बस सेवा का खाका तैयार किया गया था, लेकिन दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी नियमों के अनुरूप पीली बसों का संचालन शुरू नहीं हो सका है। इस पूरे मामले में जब महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रेनू राजेश से जवाब मांगने की कोशिश की गई, तो वे अपनी नैतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी से पीछे हटती नजर आईं।

 

 

महाविद्यालय में जारी इस अव्यवस्था और बस संचालन में हो रही देरी पर जब मीडियाकर्मियों ने प्राचार्य डॉ. रेनू राजेश से संपर्क कर स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया तो पहले उन्होंने अपना पक्ष बताया और जब समाचार प्रकाशित होने के बाद उनका कॉल आया तो उन्होंने पारदर्शी जवाब देने के बजाय सख्त रुख अपना लिया। प्राचार्य ने फोन पर मीडियाकर्मी से स्पष्ट शब्दों में कह दिया कि “आगे से अब आपको इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी जाएगी।” एक जिम्मेदार शासकीय पद पर बैठे अधिकारी द्वारा मीडिया के सवालों से इस तरह बचना कई तरह के संदेहों को जन्म देता है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को जानकारी देने से इनकार करना यह साफ दर्शाता है कि महाविद्यालय प्रबंधन या तो अपनी प्रशासनिक विफलता को छिपाने का प्रयास कर रहा है या फिर इस पूरे मामले में कुछ ऐसा है जिसे उजागर होने से रोका जा रहा है। प्राचार्य के इस रवैये से स्थानीय लोगों और छात्र संगठनों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या इस प्रक्रिया में वित्तीय अनियमितताएं हुई हैं या फिर महाविद्यालय प्रशासन के लिए शासन के नियम और कानून कोई मायने नहीं रखते।

 

 

जब इस मामले की गहराई से पड़ताल की गई और प्राचार्य डॉ. रेनू राजेश से टेंडर के समय चक्र के बारे में पूर्व में बात हुई थी, तब उन्होंने स्वयं स्वीकार किया था कि बस संचालन का टेंडर जून माह में स्वीकृत किया गया था। नियमों के अनुसार, बस ठेकेदार को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने और नियमानुसार पीली बसों का संचालन शुरू करने के लिए दो महीने का समय दिया गया था। हालांकि, जून माह में टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद से अब तक दो महीने से अधिक का समय बीत चुका है। शैक्षणिक सत्र सुचारू रूप से शुरू हो चुका है और रोज सैकड़ों छात्र-छात्राएं दूर-दराज के क्षेत्रों से महाविद्यालय पहुँच रहे हैं, लेकिन कॉलेज प्रबंधन अभी तक पीली बसों का संचालन शुरू कराने में पूरी तरह नाकाम साबित हुआ है।

 

बस संचालन में हो रही इस देरी को लेकर महाविद्यालय प्रबंधन और टेंडर हासिल करने वाले बस संचालक के बयानों में भारी विरोधाभास देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां प्राचार्य जून माह में टेंडर होने और दो महीने की समय सीमा समाप्त होने की बात कह रही हैं, वहीं दूसरी तरफ बस संचालक का दावा कुछ और ही कहानी बयां करता है। बस संचालक से जब इस विषय में बात की गई, तो उन्होंने कहा कि टेंडर प्रक्रिया को पूरे हुए अभी महज 15 दिन का ही समय हुआ है। संचालक का कहना है कि उन्होंने बसों की व्यवस्था और नियमानुसार पीली बसें सड़क पर उतारने के लिए प्रबंधन से दो महीने का समय मांगा था। दोनों पक्षों के बयानों में मौजूद यह अंतर यह साबित करने के लिए काफी है कि महाविद्यालय प्रशासन और ठेकेदार के बीच संवादहीनता है या फिर जानबूझकर समय खींचा जा रहा है। यदि टेंडर जून में हुआ था, तो 15 दिन की बात कहकर मामला क्यों घुमाया जा रहा है और यदि समय सीमा समाप्त हो चुकी है, तो कॉलेज प्रबंधन द्वारा संबंधित ठेकेदार पर कोई सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की गई ।

***************************************************

खबर 2

 

सर्व हिंदू समाज व बजरंग दल ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, विभिन्न मुद्दों पर की सख्त कार्रवाई की मांग

 

अशोकनगर। सर्व हिंदू समाज एवं विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल द्वारा जिला प्रशासन और एसडीएम को एक ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में जिले में धार्मिक स्थलों में तोड़फोड़, गो-तस्करी, अवैध अतिक्रमण, धर्मांतरण और गौशालाओं की दुर्दशा जैसे ज्वलंत मुद्दों को लेकर विरोध जताते हुए समयबद्ध व प्रभावी प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन के अनुसार, बाकलपुर (चंदेरी) तथा नईसराय तहसील के ग्राम भैंसा में मंदिरों में तोड़फोड़, मूर्तियों को खंडित करने और धार्मिक ग्रंथों के अनादर के मामलों में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी व सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त मंदिरों के पुनर्निर्माण और मूर्तियों की पुनर्स्थापना की मांग रखी गई।

इसके अलावा ईसागढ़, मुंगावली और पिपरई (व्यायामशाला भूमि) में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे हटाने, गो-तस्करी पर रोक लगाने और जिले की गौशालाओं में चारे-पानी की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश देने का आग्रह किया गया है।

 

संगठन ने धार्मिक व सार्वजनिक स्थलों के पास मांस-मदिरा की अवैध दुकानों पर रोक लगाने तथा शिकायतकर्ताओं के खिलाफ किसी भी प्रकार की द्वेषपूर्ण कार्रवाई न करने की चेतावनी भी दी है। ज्ञापन की प्रतियां मुख्यमंत्री, सांसद व अन्य उच्च अधिकारियों को भी भेजी गई हैं।

 

***************************************************

खबर 3

 

बड़नगर के प्रसिद्ध बैंड की धुनों से होगी जन्माष्टमी की शुरुआत सुबह निकलेगी भव्य शोभायात्रा रात 12 बजे श्रीकृष्ण का प्रगटोत्सव और महाआरती

 

अशोकनगर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उल्लास आज पूरे शहर में नजर आएगा। जन्माष्टमी पर श्री युगल सरकार मंदिर भक्ति, संगीत और रोशनी से जगमगाएगा। सुबह 5 बजे मंगल आरती के साथ उत्सव का आगाज होगा। बड़नगर के प्रसिद्ध बैंड की मधुर धुनों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों पर भजनों की प्रस्तुति से मंदिर परिसर भक्तिमय होगा। सुबह 11 बजे शहर में भव्य शोभायात्रा निकलेगी, जबकि रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के प्रगटोत्सव पर महाआरती और भव्य आतिशबाजी के बीच ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे गूंजेंगे।

 

मंगल आरती के बाद मंदिर में विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। सुबह 11 बजे श्री युगल सरकार मंदिर से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह बायपास, शनि मंदिर, फुट ओवर ब्रिज, गांधी पार्क, पुराना बाजार गली, प्रोसेशन रोड, सुराना चौराहा और इंदिरा पार्क होते हुए गांधी पार्क से वापस युगल सरकार मंदिर पहुंचेगी। यहां शोभायात्रा का समापन होगा। शाम 8 बजे भोपाल से आए कलाकार भजन संध्या में भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से सराबोर प्रस्तुतियां देंगे। मंदिर परिसर में देर रात तक भक्तिमय माहौल रहेगा। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के प्रगटोत्सव पर महाआरती होगी। इसके बाद प्रसादी वितरण किया जाएगा। जन्मोत्सव के दौरान भव्य आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

 

जन्माष्टमी के अवसर पर जिला जेल में भी निर्धारित नियमों के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इधर, युगल सरकार मंदिर में आयोजन को लेकर कई दिनों से तैयारियां चल रही हैं। मंदिर को फूलों और आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया गया है। रात में मंदिर की रोशनी इसकी भव्यता को और बढ़ा रही है। आयोजन में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव के भी शामिल होने की जानकारी है। श्री कृष्ण संस्थान के अध्यक्ष रंजीत सिंह महुअन ने श्रद्धालुओं से परिवार सहित युगल सरकार मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन करने और जन्माष्टमी के आयोजनों में सहभागी बनने की अपील की है। उन्होंने श्रद्धालुओं से झांकी दर्शन और विशाल चल समारोह में शामिल होने के लिए समय से पहले पहुंचने, वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा करने तथा मंदिर परिसर में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। स्वयंसेवकों और सुरक्षा कर्मियों से बुजुर्गों एवं बच्चों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।

***************************************************

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News