Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

सगा चाचा बना मुखबिर, भतीजे की फर्जी नौकरी का किया पर्दाफाश, पुलिस ने दर्ज किया केस

By
On:

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां फर्जी मार्कशीट लगाकार पुलिस में 14 साल तक नौकरी करने का मामला सामने आया है. हैरानी की बात यह है कि कांस्टेबल को नौकरी के लिए जिसने फर्जी मार्कशीट बनवा कर दी, उसने शिकायत भी की है और जांच में पूरा मामला सामने आने के बाद कांस्टेबल को नौकरी से बर्खास्त किया गया है. यह व्यक्ति कोई और नहीं, बल्कि खुद इस कांस्टेबल का सगा चाचा है. कांस्टेबल की बर्खास्तगी के बाद पुलिस ने अब उसके चाचा के खिलाफ भी केस दर्ज कर लिया है.

जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के गांव सेमरी का रहने वाला अखिलेश कुमार पुलिस में भर्ती होना चाहता था, लेकिन हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा में फेल हो जा रहा था. ऐसे में उसके सगे चाचा विनोद ने फर्जी मार्कशीट बनवा दिया और इसी मार्कशीट को लगाकर साल 2009 में अखिलेश उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती भी हो गया. इसी बीच करीब दो साल पहले किसी बात को लेकर अखिलेश की अपने चाचा विनोद के साथ ठन गई. ऐसे में विनोद ने भी गोपनीय शिकायत दे दी और बता दिया कि अखिलेश की मार्कशीट फर्जी है.

कांस्टेबल ने खोल दी चाचा की पोल
पुलिस ने इस शिकायत की जांच कराई और शिकायत सही पाए जाने पर अखिलेश को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया. कांस्टेबल अखिलेश ने ज्योति इंटर कॉलेज की मार्कशीट लगाई थी. पुलिस ने इस मार्कशीट को यूपी बोर्ड में भेजकर चेक कराया तो पता चला कि असली मार्कशीट को स्कैन कर फर्जी मार्कशीट तैयार किया गया है. इसमें रोल नंबर और नाम मैच नहीं कर रहे थे. मामले की जांच अमरोहा के एडिशनल एसपी ने की थी. इस दौरान उन्होंने कांस्टेबल अखिलेश को अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया. इस दौरान अखिलेश ने जो खुलासा किया, वह सुनकर एडिशनल एसपी भी हैरान रह गए. उन्होंने अखिलेश के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही उसके चाचा के खिलाफ भी मामला दर्ज करा दिया है.

भतीजे को फंसाने के चक्कर में खुद फंसा चाचा
अमरोहा पुलिस के आरआई घनश्याम के मुताबिक आरोपी कांस्टेबल अखिलेश कुमार की पोस्टिंग अमरोहा में थी. इसलिए अमरोहा पुलिस ने उसे बर्खास्त कर दिया है. चूंकि उसके लिए फर्जी मार्कशीट उसके चाचा द्वारा ही बनवाने की बात सामने आई है, इसलिए अमरोहा देहात थाने में उसके चाचा के खिलाफ भी धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस मामले में यदि जरूरी हुआ तो आरोपियों को अरेस्ट भी किया जाएगा.

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News