Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

आस्था के विविध रूपों में विराजे गणपति बप्पा, अर्चना चिटनिस ने किए दर्शन

By
On:

खबरवाणी

आस्था के विविध रूपों में विराजे गणपति बप्पा, अर्चना चिटनिस ने किए दर्शन

बुरहानपुर। गणेशोत्सव के पावन पर्व पर बुरहानपुर में भक्ति, आस्था, संस्कृति और रचनात्मकता का सुंदर संगम देखने को मिल रहा है। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने नगर के विभिन्न गणेश मंडलों में पहुंचकर भगवान श्री गणेश जी के दर्शन, पूजा-अर्चना एवं आरती की तथा विभिन्न झांकियों का अवलोकन किया। उन्होंने मंडलों के युवाओं एवं सदस्यों की मेहनत, रचनात्मकता और श्रद्धाभाव की सराहना करते हुए आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रतापपुरा के श्री प्रताप गणेश मंडल में श्रीमती चिटनिस ने करीब पांच दशकों से चली आ रही गणेशोत्सव की परंपरा में शामिल होकर बाप्पा के दर्शन किए। यहां आयोजित आनंद मेले ने उत्सव की उमंग को और बढ़ाया।

सीलमपुरा के जय हिन्दू राष्ट्र गणेश उत्सव समिति ने ‘भगवान कुबेर जी का दरबार’ थीम पर आकर्षक झांकी सजाई है। इसमें भगवान कुबेर की नौ निधियों के पौराणिक स्वरूप और महत्व को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया है।

कारंज बाजार के श्री स्वतंत्र युवा गणेश मंडल की चलित झांकी में भगवान श्री गणेश जी द्वारा माता-पिता की परिक्रमा किए जाने का पौराणिक प्रसंग प्रस्तुत किया गया है। यह झांकी माता-पिता के प्रति सम्मान, श्रद्धा और संस्कारों का प्रभावी संदेश दे रही है।

इंदिरा कॉलोनी के रिद्धि-सिद्धि गणेश फाउंडेशन की झांकी में भगवान श्री गणेश जी को श्रीकृष्ण अवतार में कालिया नाग पर विराजमान दर्शाया गया है। इसके माध्यम से अहंकार त्याग, विनम्रता और सद्भाव का संदेश दिया गया है।

सीलमपुरा के श्री शंभू गणेश उत्सव समिति ने ‘ब्रह्मांड की रचना कैसे हुई’ जैसे जिज्ञासापूर्ण विषय को झांकी का स्वरूप देते हुए कलियुग में भगवान के नाम-स्मरण के आध्यात्मिक संदेश को भी प्रस्तुत किया है।

पुरानी इंदिरा नगर के श्री सार्वजनिक बाल युवा मंडल की झांकी में शीरसागर का दृश्य, भगवान श्री गणेश जी का ब्रह्मा अवतार और 14 लोकों की ज्ञानवर्धक प्रस्तुति श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मंडल द्वारा फूड कार्निवाल भी आयोजित किया गया।

वहीं धर्म रक्षक सेना समिति ने काशी के प्रसिद्ध मणिकर्णिका घाट, वाराणसी की भव्य थीम को बुरहानपुर में साकार किया है। श्रीमती चिटनिस ने झांकी का अवलोकन करते हुए युवाओं की मेहनत और कल्पनाशीलता की सराहना की।

श्रीमती चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर के गणेश मंडलों की झांकियां केवल धार्मिक आस्था की अभिव्यक्ति नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से पौराणिक ज्ञान, संस्कार, संस्कृति और सकारात्मक जीवन संदेश नई पीढ़ी तक पहुंच रहे हैं। युवाओं की सहभागिता और रचनात्मकता गणेशोत्सव की परंपरा को और समृद्ध कर रही है। उन्होंने सभी गणेश मंडलों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के आत्मीय स्वागत और स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया तथा भगवान श्री गणेश जी से बुरहानपुरवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, आरोग्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

इस दौरान श्रीमती चिटनिस के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, चिंतामन महाजन, मुकेश शाह, कैलाश पारीख, पार्षद संभाजीराव सगरे, धनराज महाजन, आशीष शुक्ला, श्रीमती स्वाती महाज, रुद्रेश्वर एंडोले, शिवकुमार पासी, गौरव शिवहरे, किशोर राठौर, हेमेंद्र महाजन, किशोर कामठे, योगेश महाजन, सुनिल वाघे, सुमित बोरले, प्रदीप कसेरा, रवि काकड़े, चिंटू राठौर, अक्षय मोरे, भरत रावल, अमित वारूड़े, भावनदास चंचालानी, hm सुमित वारुड़े, दर्शन पाटिल, अमित परमेकर, प्रशांत रावतोले, प्रसाद उमाले एवं राकेश सवकारे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं भक्तगण उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com

Related News

Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News