Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

उज्जैन जमीन आवंटन मामले पर सियासत तेज,सारनी में युवक कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने वाटर कैनन से रोका, 

By
On:

खबरवाणी

उज्जैन जमीन आवंटन मामले पर सियासत तेज,सारनी में युवक कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने वाटर कैनन से रोका

खबरवाणी न्यूज़ रफीक

सारनी। मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस द्वारा उज्जैन जमीन आवंटन मामले को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदेश महासचिव योगेश ऐरोलू एवं ब्लॉक अध्यक्ष गौतम नागले के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन करने का प्रयास किया और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई।

प्रदर्शन की शुरुआत सारनी स्थित कांग्रेस कार्यालय से हुई, जहां से युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर जय स्तंभ चौक तक मार्च किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “मोहन प्रॉपर्टी डीलर” लिखे पोस्टर जारी किए और शहर के आम नागरिकों के बीच इन्हें बांटकर कथित जमीन घोटाले की जानकारी दी। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया और सरकार के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त किया।

नेताओं ने आरोप लगाया कि उज्जैन जिले के महाकाल क्षेत्र में प्रभावशाली व्यक्तियों एवं उनके परिजनों को नियमों के विपरीत शासकीय भूमि आवंटित की गई है। युवक कांग्रेस के अनुसार, लगभग 168 एकड़ भूमि के आवंटन से शासन को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है, जिससे आम जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है।

प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब कार्यकर्ताओं ने जय स्तंभ चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि बाद में पुलिस ने हालात पर काबू पा लिया।

प्रदेश महासचिव योगेश ऐरोलू ने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष गौतम नागले ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो युवक कांग्रेस आगे और उग्र आंदोलन करेगी।

प्रदर्शन के बाद युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सारनी एसडीओपी को महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस कार्यक्रम में बटेश्वर, भूषण कांति, नरेंद्र वाडीवा, हेमंत धोटे, किरण झाड़बड़े, रोहन रघुवंशी, मिलिंद थोराट, सुनील भलावी, प्रकाश मालवीय, वर्षा पवार, संदीप मस्की, आसिफ अंसारी, गोविंद ऐरोलू, धर्मेंद्र यादव, आयुष सिंह, सोहेब खान, अक्षय, दीपक और राहुल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News