खबरवाणी
पुलिस ने झपटमारी और मोबाइल लूट के तीन मामलों का किया खुलासा
दो महिला आरोपियों समेत तीन आरोपी और तीन बाल अपचारी गिरफ्तार,
मोबाइल, मंगलसूत्र, सोने के मोती व चैन का टुकड़ा बरामद
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। थाना सारनी पुलिस ने पिछले दिनों हुई मोबाइल छीनने, सोने की चैन और मंगलसूत्र झपटमारी की तीन घटनाओं का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान लूटा गया मोबाइल, मंगलसूत्र, सोने के मोती, चैन का टुकड़ा और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है।
पहले मामले में शहनबाज उर्फ सन्नी, उम्र 38 वर्ष, निवासी एम.क्यू. 391 क्लब कॉलोनी, शोभापुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 मई 2026 को कालीमाई बाजार के पास महिला बिन्दवारी और उसकी पुत्री ने उसका वीवो T4X 5G मोबाइल छीन लिया और वापस मांगने पर धमकी दी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर करीब 21,500 रुपये कीमत का मोबाइल बरामद किया।
दूसरे मामले में 14 सितंबर 2026 की रात आजाद नगर, पाथाखेड़ा निवासी 62 वर्षीय महिला दुकान बंद कर घर जा रही थीं। इसी दौरान दो युवकों ने पीछे से मुंह दबाकर उनके गले से सोने की चैन झपट ली। महिला द्वारा चैन पकड़ लेने से उसका एक हिस्सा टूट गया और आरोपी चैन का टुकड़ा लेकर फरार हो गए। पुलिस ने एक बाल अपचारी से मिली जानकारी के आधार पर राहुल उर्फ कटप्पा पिता बबलू मौली, उम्र 20 वर्ष, निवासी अम्बेडकर नगर पाथाखेड़ा, हाल तहसील के पास पुरानी इटारसी, जिला नर्मदापुरम को गिरफ्तार कर चैन का टुकड़ा बरामद किया।
तीसरे मामले में 21 सितंबर 2026 को सुमन पंडाग्रे, उम्र 52 वर्ष, निवासी संत रविदास कॉलोनी पाथाखेड़ा एबी टाइप ऑफिसर कॉलोनी से काम करके पैदल घर जा रही थीं। शिव मंदिर के पास स्कूटी सवार तीन युवकों ने पीछे से झपट्टा मारकर उनका मंगलसूत्र और सोने के मोती लूट लिए थे। जांच में तीन बाल अपचारियों की भूमिका सामने आई। पूछताछ में महिला बिन्दवारी द्वारा उन्हें चोरी-लूट के लिए उकसाने की जानकारी सामने आई। लूटा गया सामान वैष्णवी और एक बाल अपचारी के माध्यम से आलोक सिखदार को करीब 15 हजार रुपये में बेचने की बात सामने आई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आलोक पिता स्व. श्यामू सिखदार, उम्र 38 वर्ष, निवासी कालीमाई मेन रोड शोभापुर, वैष्णवी पिता शोकेश मंडल, उम्र 19 वर्ष, निवासी बाजार मोहल्ला कालीमाई पाथाखेड़ा,महिला सरनेम बिन्दवारी, उम्र 36 वर्ष, निवासी बाजार मोहल्ला कालीमाई पाथाखेड़ा तथा तीन बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से करीब 40 हजार रुपये कीमत का मंगलसूत्र व चार सोने के मोती, करीब 600 रुपये की एक कान की बाली और घटना में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक MP-48-N-9369 बरामद की गई।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे एवं एसडीओपी सारनी सुश्री प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में की गई। मामले की जांच में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, मनोज उईके, मनोज डेहरिया, श्रीराम उईके, पूनम तिवारी तथा आरक्षक रवि मोहन, राकेश करपे, सुभाष मंडलोई, मोहित भाटी, जितेन्द्र मोरे, मोनू उईके, वर्षा नागले, लक्ष्मी कश्यप एवं प्रीति भारती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





