खबरवाणी
पुलिस ने पकड़ी गौवंश से भरी बोलेरो 7 गौवंश बरामद
मुलताई। क्षेत्र से गौवंश के हो रहे अवैध परिवहन पर मुलताई पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है, लेकिन इसके बाद भी गौवंश की तस्करी रुकने का नाम नही ले रही है। पुलिस ने छिंदवाड़ा की ओर से आ रही पिकप को पकड़कर उनके पास से 7 गौवंश बरामद किए है। टीआई नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया 17 मई 2026 को सुबह मुलताई पुलिस को सूचना दी गई कि गौवंश से भरा एक बोलेरो वाहन छिंदवाड़ा की ओर से मुलताई की तरफ तेज गति से आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम एवं स्थानीय सहयोगियों द्वारा ग्राम बरखेड़ पंखा क्षेत्र में निगरानी की गई। कुछ समय बाद बोलेरो वाहन क्रमांक एमएच 21सी 2154 को संदिग्ध अवस्था में आते देखा गया। वाहन को रोकने का प्रयास किया लेकिन चालक वाहन स्पीड बढ़ाकर भागने लगा. पीछा कर वाहन को बरखेड़ बाजार चौक पर रोका गया, जहां से वाहन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 7 नग गौवंश को क्रूरता पूर्वक पैर एवं मुंह बांधकर एक-दूसरे के ऊपर भरा हुआ पाया गया। वाहन को थाना मुलताई लाकर गौवंश को उतारा गया, जिसमें 2 गाय मृत अवस्था मे एवं 05 गौवंश घायल अवस्था में मिले प्रथम दृष्टया गौवंश को वध के लिए महाराष्ट्र की ओर ले जाना पाया गया। पुलिस द्वारा इस मामले मे धारा 4, 6, 9 मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम एवं धारा 11(1)(घ) पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर बोलेरो वाहन एवं गौवंश सहित लगभग 3 लाख 30 हजार रुपए का मशरूका जप्त कर घायल गौवंश को उपचार एवं संरक्षण के लिए बघोड़ा गौशाला भेजा गया तथा मृत गौवंश का नियमानुसार अंतिम निस्तारण कराया गया।फरार वाहन चालक की तलाश एवं मामले की विवेचना जारी है।उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी मुलताई निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक सुनील पंद्राम, आरक्षक संजीत, आरक्षक नरेश एवं सैनिक राजकुमार की विशेष भूमिका रही।





