खबरवाणी
शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प, शाहपुर में सरदार पटेल की प्रतिमा स्थापना पर बनी सहमति
चोरिया कुडमी समाज की कोर कमेटी की बैठक में निशुल्क कोचिंग, वृक्षारोपण और सामाजिक एकजुटता पर लिए गए अहम निर्णय
भौंरा । ग्राम सोहागपुर ढाना में चोरिया कुडमी समाज की कोर कमेटी की बैठक जिला अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वर्मा के निवास पर आयोजित हुई। बैठक में नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ पूर्व कार्यकारिणी के सदस्यों ने भी भाग लिया। बैठक में समाज के शैक्षणिक, सामाजिक एवं संगठनात्मक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक की अध्यक्षता सर्वसम्मति से श्रीकेश पटेल ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान राजाराम एवं लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद सभी अतिथियों एवं सदस्यों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
बैठक का प्रमुख विषय समाज के मेधावी एवं आर्थिक रूप से जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए निशुल्क कोचिंग की व्यवस्था रहा। इस पर विस्तृत विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समाज के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए संगठित प्रयास किए जाएंगे। समाज के शिक्षक संतोष वर्मा, त्रिभुवन वर्मा एवं नानकराम वर्मा ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज की प्रगति का आधार शिक्षा है। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों को दूर कर नई पीढ़ी को शिक्षित एवं संस्कारित बनाने पर जोर दिया।
बैठक में शाहपुर में लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी। इसके लिए समाज के सभी वर्गों से सहयोग लेकर भव्य स्थापना कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही हरियाली महोत्सव के तहत वर्षा ऋतु में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने का भी संकल्प लिया गया।
पूर्व अध्यक्ष श्रीकेश पटेल ने अपने कार्यकाल का आय-व्यय एवं कार्यों का विवरण प्रस्तुत करते हुए नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने समाजहित के कार्यों में पूरी निष्ठा के साथ नई टीम का सहयोग करने का भरोसा भी दिलाया।
जिला अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वर्मा ने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसे रचनात्मक कार्यों को प्राथमिकता देनी चाहिए, जिनसे नई पीढ़ी प्रेरित होकर समाज सेवा और विकास के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने सामाजिक एकता बनाए रखने और सभी सदस्यों से सहयोग की अपील भी की।
बैठक में उपाध्यक्ष सीताराम पटेल, रामावतार वर्मा, राधेलाल घनकारे, ध्रुव मलैया, प्रेमलाल झल्लारे, कन्हैयालाल वर्मा, सुमित वर्मा सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने स्नेह भोज में शामिल होकर सामाजिक सौहार्द, एकता और भाईचारे का संदेश दिया।




