Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

विश्वकर्मा जयंती पर पूजा-अर्चना, झांकियों के अभाव में मायूस हुए लोग

By
On:

खबरवाणी

विश्वकर्मा जयंती पर पूजा-अर्चना, झांकियों के अभाव में मायूस हुए लोग

खबरवाणी न्यूज़ रफीक

सारनी। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर सारनी, पाथाखेड़ा, शोभापुर कॉलोनी और बगडोना क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान लोगों ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा कर सुख-समृद्धि और उन्नति का आशीर्वाद लिया।
बगडोना स्थित वर्कशॉप में हर वर्ष विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर आकर्षक झांकियां तैयार की जाती थीं। वर्कशॉप में काम करने वाले कामगारों और इंजीनियरों द्वारा कबाड़, बेयरिंग, लोहे तथा अन्य अनुपयोगी सामग्री का उपयोग कर बड़ी-बड़ी और आकर्षक झांकियां बनाई जाती थीं। इन झांकियों को देखने के लिए शोभापुर कॉलोनी, पाथाखेड़ा, बगडोना सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते थे।
हालांकि इस वर्ष वर्कशॉप परिसर में झांकियां नहीं होने से लोगों को निराशा हुई। इस बार विश्वकर्मा मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ जागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। झांकियां नहीं होने के कारण परिसर में आने वाले लोगों को पहले की तरह आकर्षण देखने को नहीं मिला। विश्वकर्मा पूजा को लेकर बाहर दुकानदारों ने भी बड़ी संख्या में दुकानें लगाई थीं, लेकिन अपेक्षाकृत भीड़ कम होने से दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित रहा।
लोगों का कहना है कि आने वाले वर्षों में वर्कशॉप प्रबंधन को अपनी उपलब्ध कबाड़ सामग्री का रचनात्मक उपयोग करते हुए आकर्षक झांकियां तैयार करनी चाहिए, ताकि विश्वकर्मा पूजा के साथ लोगों को धार्मिक एवं मनोरंजन का आकर्षण भी मिल सके।
वहीं शोभापुर कॉलोनी के विद्युत सब स्टेशन में विद्युत विभाग के कर्मचारियों द्वारा आकर्षक झांकी तैयार की गई। यहां घूमता हुआ गोवर्धन पर्वत विद्युत झांकी के रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसे देखने के लिए लोग पहुंचे। इसके अलावा सारनी एमपीवी पावर हाउस में भी भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की गई।
पाथाखेड़ा स्थित विश्वकर्मा भवन में भी पूजा-पाठ के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News