खबरवाणी
ईद मिलादुन्नबी और रक्षाबंधन को लेकर शांति समिति की बैठक
त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील, जुलूस के रूट और यातायात व्यवस्था पर हुई चर्चा
मुलताई। आगामी ईद मिलादुन्नबी एवं रक्षाबंधन पर्व को लेकर सोमवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों सहित नगर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। इस दौरान दोनों त्योहारों को हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
बैठक में एसडीएम राजीव कहार ने उपस्थित नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने-अपने त्योहारों को पारंपरिक रूप से शांतिपूर्वक मनाएं तथा एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं और सम्मान का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने पर्व के दौरान आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखने की बात कही।
वहीं थाना प्रभारी विकास पटेल ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर निकलने वाले जुलूस के समय एवं मार्ग की जानकारी ली। बैठक में शामिल फारुख सुल्तान ने जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक डायवर्ट करने तथा नाका नंबर एक पर यातायात व्यवस्था बेहतर करने की मांग रखी।
बैठक में बताया गया कि ईद मिलादुन्नबी का जुलूस हंसनगर-पारेगांव रोड से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा। नाका नंबर एक पर जुलूस के स्वागत के साथ लंगर का आयोजन भी किया जाएगा।
नगर प्रशासन द्वारा पर्व के दौरान प्लास्टिक डिस्पोजल का उपयोग नहीं करने की अपील की गई है। अधिकारियों ने सभी नागरिकों से सहयोग करते हुए त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।





