खबरवाणी
शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की दुकानों पर पंचायत की सख्ती, बकाया राशि को लेकर बैठक
बकाया राशि जमा करने के लिए दुकानदारों को दी गई 7 दिन की मोहलत
दुनावा। दुनावा बस स्टैंड पर नवनिर्मित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की दुकानों की बकाया राशि को लेकर बुधवार को जनपद सीईओ मेश्राम जी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम पंचायत दुनावा की सरपंच नीलम पालाश कड़वे सहित सभी संबंधित व्यापारी एवं दुकानदार उपस्थित रहे।
बैठक में दुकानों की बकाया राशि जमा कराने को लेकर पंचायत ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापारियों को 7 दिन की मोहलत दी। पंचायत की ओर से स्पष्ट किया गया कि निर्धारित अवधि में बकाया राशि जमा नहीं करने पर संबंधित दुकानों पर ताला लगाकर उन्हें नियमानुसार दोबारा नीलाम करने की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं व्यापारियों ने 7 दिवस के भीतर बकाया राशि की 20 प्रतिशत राशि जमा करने पर सहमति जताई। व्यापारियों ने निर्धारित समय सीमा में राशि जमा कराने का आश्वासन दिया। बैठक के दौरान कुछ व्यापारियों द्वारा बकाया राशि में से कुछ रकम जमा भी कराई गई।
बैठक में दुकानों की बकाया राशि और आगामी कार्रवाई को लेकर अधिकारियों एवं व्यापारियों के बीच चर्चा हुई। पंचायत अधिकारियों ने निर्धारित समय सीमा में राशि जमा करने के निर्देश दिए तथा व्यापारियों से सहयोग की अपील की।




