Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

आक्रोश, बड़े आंदोलन की तैयारी केला उत्पादक किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ ने उठाई आवाज

By
On:

खबरवाणी

आक्रोश, बड़े आंदोलन की तैयारी केला उत्पादक किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ ने उठाई आवाज

बुरहानपुर। भारतीय किसान संघ मालवा प्रांत के एकदिवसीय प्रवास पर आए मध्य भारत क्षेत्र के संगठन मंत्री श्री महेश जी चौधरी ने केला उत्पादक किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने किसानों से अपनी समस्याओं के प्रति जागरूक होने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो किसानों के हित में बड़े आंदोलन की आवश्यकता पड़ सकती है।
भारतीय किसान संघ द्वारा बुधवार को महात्मा ज्योतिबा फुले सब्जी मंडी, शनवारा में भगवान बलराम जयंती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र संगठन मंत्री श्री महेश चौधरी का पाथेय प्राप्त हुआ।
भारतीय किसान संघ द्वारा प्रतिवर्ष 15 सितंबर को प्रदेश की सभी तहसीलों में किसानों की समस्याओं को लेकर त्रिस्तरीय ज्ञापन दिए जाते हैं। इसी क्रम में जिले की तीन तहसीलों में ज्ञापन देने के बाद 17 सितंबर को केंद्र पर अपर कलेक्टर श्री भागीरथ वाखला को ज्ञापन सौंपा गया।
इसके पश्चात मध्य भारत क्षेत्र संगठन मंत्री के साथ किसान संघ के प्रतिनिधियों ने बाइक रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर श्री हर्ष सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने केला नीलामी व्यवस्था, केला फसल बीमा योजना की स्वीकृति एवं जानकारी, समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीदी, बिजली एवं राजस्व सहित किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
भगवानिया तालाब की नहर में पानी नहीं पहुंचने पर जताई नाराजगी
धूलकोट तहसील के भगवानिया तालाब के निर्माण को लगभग 12 वर्ष बीत जाने के बावजूद किसानों को नहर के माध्यम से सिंचाई का पानी नहीं मिल पाने पर जिला अध्यक्ष संतोष महाजन ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने नहरों की मरम्मत कराने तथा नहर में पानी नहीं पहुंचने के कारणों की जांच कर किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी। कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने मामले की शीघ्र जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके साथ ही ग्राम धूलकोट एवं खकनार तहसील में नगदी खाद बिक्री केंद्र खोलने की मांग भी किसान संघ द्वारा रखी गई।
बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर एमपीईबी कार्यालय पहुंचे किसान
किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने लालबाग स्थित एमपीईबी कार्यालय पहुंचकर असिस्टेंट इंजीनियर के. एस. मालवीय से मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों को बदलने तथा खेरखेड़ा, धूलकोट एवं पातोंडा सहित विभिन्न क्षेत्रों में बिजली विभाग से संबंधित कार्यों के लिए आवेदन सौंपा।
सब्जी मंडी की अव्यवस्थाओं का मुद्दा भी उठाया
महात्मा ज्योतिबा फुले सब्जी मंडी शनवारा में अतिक्रमण एवं गंदगी की समस्या, साथ ही केला नीलामी के दौरान किसानों को आ रही परेशानियों का मुद्दा भी प्रतिनिधिमंडल ने उठाया। किसानों ने केला पर्ची पर केवल अधिकतम एवं मध्य भाव लिखे जाने सहित अन्य समस्याओं की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।
अमानक खाद-बीज की जांच की मांग
जिले की कुछ खाद एवं बीज दुकानों पर कथित रूप से अमानक खाद एवं बीज की बिक्री किए जाने की शिकायत भी किसान संघ द्वारा की गई। इस संबंध में संबंधित दुकानों पर खाद एवं बीज की गुणवत्ता की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए आवेदन दिया गया।
इस अवसर पर संभाग सदस्य नरेंद्र जाधव, जिला मंत्री इंद्रपाल महाजन, सह मंत्री वसंत पाटिल, उज्जवल महाजन, धूलकोट तहसील अध्यक्ष भाव सिंह मंडलोई, पूनम भास्कर, योगेश प्रजापति, राजू पाटील सहित खकनार, नेपानगर एवं धूलकोट तहसील से आए भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संपूर्ण जानकारी भारतीय किसान संघ के मीडिया प्रभारी प्रवीण चौधरी द्वारा साझा की गई।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News