खबरवाणी
दो दिन नहीं आएगा पानी: सारनी के 13 वार्डों में पेयजल सप्लाई बंद रहेगी
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। नगर पालिका क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। जलावर्धन योजना के अंतर्गत पाइपलाइन कनेक्शन कार्य के चलते 20 एवं 21 जुलाई को शहर के 13 वार्डों में पेयजल सप्लाई पूरी तरह बाधित रहेगी।
नगर पालिका द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी की कॉलोनी में नई पेयजल लाइन जोड़ने का कार्य किया जाना है। इस कार्य के कारण वार्ड क्रमांक 1 से 13 तक के क्षेत्रों में पानी की सप्लाई प्रभावित होगी।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी हितेश शाक्य ने बताया कि यह कार्य जलावर्धन योजना के तहत ठेका कंपनी लक्ष्मी सिविल इंजीनियरिंग प्रा. लि. द्वारा किया जा रहा है। पाइपलाइन कनेक्शन जोड़ने के इस महत्वपूर्ण कार्य के चलते दो दिन तक सप्लाई बंद रखना आवश्यक है, ताकि भविष्य में बेहतर और सुचारू जल वितरण सुनिश्चित किया जा सके।
नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे पहले से ही पानी का पर्याप्त भंडारण कर लें, ताकि दो दिनों तक किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही कार्य के दौरान सहयोग बनाए रखने की भी अपील की गई है।
इस अस्थायी असुविधा के बाद क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था और अधिक मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।





