Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

नशे को ‘ना’, जिंदगी को ‘हां’: दादी प्रकाशमणि की स्मृति में 10 करोड़ नशामुक्ति संकल्प अभियान

By
On:

खबरवाणी

नशे को ‘ना’, जिंदगी को ‘हां’: दादी प्रकाशमणि की स्मृति में 10 करोड़ नशामुक्ति संकल्प अभियान

सालीमेट से धार तक स्कूलों में गूंजा नशामुक्त जीवन का संदेश, विद्यार्थियों को समझाए नशे के दुष्परिणाम; आत्मसशक्तिकरण, राजयोग और सकारात्मक सोच से नशे से दूर रहने की दी सीख

 

 

 

भौंरा। ब्रह्माकुमारीज़ की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की पावन स्मृति में संचालित 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के अंतर्गत शुक्रवार को शाहपुर क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से दूर रखते हुए उन्हें स्वस्थ, चरित्रवान एवं मूल्यनिष्ठ जीवन के प्रति प्रेरित करना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, शिक्षा, भविष्य और समाज को भी प्रभावित करता है। इसलिए नशे से दूर रहना ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी गारंटी है। ग्राम सालीमेट स्थित शासकीय हाई स्कूल में प्राचार्य प्राणनाथ तिवारी के प्रतिनिधित्व में आयोजित कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज़ की बीके अरणा दीदी ने विद्यार्थियों को राजयोग ध्यान, आत्मसशक्तिकरण और जीवन मूल्यों का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, आत्मसंयम और आध्यात्मिक जागरूकता के माध्यम से व्यक्ति किसी भी प्रकार के नशे की लत से स्वयं को बचा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि नशा क्षणिक सुख का भ्रम पैदा करता है, जबकि उसका परिणाम शारीरिक बीमारियों, मानसिक तनाव, आर्थिक नुकसान, पारिवारिक विघटन, अपराध की प्रवृत्ति तथा सामाजिक सम्मान में कमी के रूप में सामने आता है। उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल, तंबाकू, गुटखा, शराब और अन्य सभी प्रकार के नशों से दूर रहने, अच्छी संगति अपनाने, माता-पिता का सम्मान करने, नियमित अध्ययन, योग एवं ध्यान को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा अपने मित्रों और परिवार के लोगों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने स्वयं नशा न करने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की सामूहिक प्रतिज्ञा ली। इसी क्रम में एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला सालीमेट में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 170 विद्यार्थी एवं समस्त विद्यालय स्टाफ शामिल हुआ। वहीं एकीकृत शासकीय हाई स्कूल धार में प्राचार्य देवकी उइके के प्रतिनिधित्व में आयोजित कार्यक्रम में करीब 100 प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। अभियान के अंतर्गत प्राथमिक शाला बोड़ीपानी एवं आंगनवाड़ी केंद्र पोलापत्थर में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में बीके नंदिनी, श्याम साहू, प्रीति नाते सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News