Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

प्रधानमंत्री मोदी के 4399 दिनों के ऐतिहासिक कार्यकाल को समर्पित होगा ‘‘नमो वन‘‘, बुरहानपुर में सिटी फॉरेस्ट निर्माण कार्य का शुभारंभ

By
On:

खबरवाणी

प्रधानमंत्री मोदी के 4399 दिनों के ऐतिहासिक कार्यकाल को समर्पित होगा ‘‘नमो वन‘‘, बुरहानपुर में सिटी फॉरेस्ट निर्माण कार्य का शुभारंभ

4 हेक्टेयर भूमि पर विकसित होगा नगर वन, 4399 पौधों के रोपण एवं संरक्षण का लिया संकल्प

बुरहानपुर। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 4399 दिनों से अधिक समय तक निरंतर राष्ट्रसेवा करते हुए भारत के इतिहास में सर्वाधिक समय तक निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्री के रूप में नया कीर्तिमान स्थापित करने के उपलक्ष्य में बुरहानपुर में एक विशेष पर्यावरणीय एवं जनभागीदारी आधारित पहल की शुरुआत की गई। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) के नेतृत्व एवं सतत प्रयासों से विकसित किए जा रहे सिटी फॉरेस्ट (नगर वन) परियोजना के कार्यों का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर समस्त जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, प्रबुद्धजनों एवं क्षेत्रवासियों के साथ पौधारोपण कर परियोजना का विधिवत प्रारंभ किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि आज का दिन बुरहानपुर के इतिहास में पर्यावरण संरक्षण, जनसहभागिता और राष्ट्र समर्पण के एक नए अध्याय के रूप में दर्ज हो रहा है। उन्होंने बताया कि नगर वन परियोजना के लिए लगभग 4 हेक्टेयर भूमि का चयन कर उसका पूर्ण सीमांकन किया गया। परियोजना के लिए आवश्यक सभी वैधानिक एवं प्रशासनिक अनुमतियां प्राप्त हो चुकी हैं तथा अब इसके विकास कार्यों को धरातल पर प्रारंभ कर दिया गया है। नगर वन की सुरक्षा और संरक्षण को दृष्टिगत रखते हुए संपूर्ण क्षेत्र की बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही नागरिकों की सुविधा के लिए पृथक पहुंच मार्ग भी विकसित किया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र भविष्य में पर्यावरणीय, सामाजिक एवं पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण केंद्र बन सके।
श्रीमती चिटनिस ने बताया कि बुरहानपुर में नगर वन विकसित करने की पहल भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा संचालित ‘‘नगर वन (सिटी फॉरेस्ट) योजना‘‘ के अंतर्गत की गई थी। इस योजना का मूल उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में हरित क्षेत्र बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करना, जैव विविधता का संवर्धन करना तथा नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि बढ़ते शहरीकरण और घटते हरित क्षेत्र के बीच नगर वन शहर के ‘‘ग्रीन लंग्स‘‘ के रूप में कार्य करेगा तथा पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि इस नगर वन के साथ ही चिंचाला से लगे ही 50 हेक्टेयर क्षेत्र में सिटी फारेस्ट स्वीकृत किया गया है, जिसका कार्य प्रगतिरत है।
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की 4399 दिनों की ऐतिहासिक एवं गौरवशाली राष्ट्रसेवा को चिरस्थायी स्वरूप देने के लिए इस नगर वन का नाम ‘‘नमो वन‘‘ रखा जाएगा। यह केवल एक वन क्षेत्र नहीं होगा, बल्कि प्रधानमंत्री जी के पर्यावरण संरक्षण के प्रति दृष्टिकोण, राष्ट्र के प्रति समर्पण और जनभागीदारी आधारित विकास मॉडल का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि इस विशेष अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया है कि प्रधानमंत्री जी के 4399 दिनों के ऐतिहासिक कार्यकाल की स्मृति में यहां 4399 पौधे रोपे जाएंगे। यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रत्येक पौधे के संरक्षण, संवर्धन और संगोपन की जिम्मेदारी भी कार्यकर्ताओं द्वारा निभाई जाएगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक पौधा विकसित होकर वृक्ष बने और आने वाले वर्षों में यह संपूर्ण क्षेत्र एक घने एवं समृद्ध वन के रूप में विकसित हो।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का कार्य किया है। प्रकृति के प्रति उनका संवेदनशील दृष्टिकोण, जल संरक्षण, स्वच्छता, हरित विकास और वृक्षारोपण जैसे अभियानों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पूरे देश के लिए प्रेरणा है। ‘‘नमो वन‘‘ उसी प्रेरणा का स्थानीय स्वरूप होगा, जो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और जनसहभागिता का भी केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि विकसित होने के बाद ‘‘नमो वन‘‘ बुरहानपुर शहर की एक महत्वपूर्ण पर्यावरणीय धरोहर बनेगा। इससे न केवल हरित क्षेत्र में वृद्धि होगी, बल्कि भू-जल संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन, तापमान नियंत्रण और प्रदूषण में कमी लाने में भी सहायता मिलेगी। आने वाली पीढि़यों को स्वच्छ वायु, प्राकृतिक वातावरण और हरियाली से परिपूर्ण जीवन उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने, अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा रोपे गए पौधों के संरक्षण का संकल्प ‘‘नमो वन‘‘ को बुरहानपुर की पहचान बनाने हेतु पूर्ण सहयोग का विश्वास भी व्यक्त किया।
इस मौके पर नगर निगमाध्यक्ष श्रीमती अनिता अमर यादव, वन विभाग के एसडीओ अजय सागर, एसडीएम अजमेरसिंह गौड़, चिंतामन महाजन, पार्षद संभाजीराव सगरे, आशीष शुक्ला, धनराज महाजन, हेमेन्द्र महाजन, गौरव शिवहरे, विजय शेवाड़े, मुकेश शाह, कीमत मतवानी, रूद्रेश्वर एंडोले, राजकुमार वाघ, निलेश सोनी, अजय घोटे, मुकेश पूर्वे, नरेश हासानंदानी, सुरेश पवार, जगदीश सोनवणे, मनोज पाटिल, अक्षय मोरे, दीपक महाजन, कैलाश हरणे, देवा सोनवणे, योगेश महाजन, विजय राठौर, सहित जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन, समाजसेवी सहित क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News