खबरवाणी
मुस्लिम युवक ने बचाई गाय के बछड़े की जान, पड़ोसियों ने किया सहयोग
खबरवाणी न्यूज़, रफीक | सारनी
सारनी नगर पालिका क्षेत्र के शोभापुर कॉलोनी स्थित अंबेडकर चौक में मानवता और सामाजिक सौहार्द की एक प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली। यहां रहने वाले रहमान मंसूरी ने अपनी सूझबूझ और सेवा भाव से एक बीमार गाय के बछड़े की जान बचाकर लोगों का दिल जीत लिया।
जानकारी के अनुसार, रहमान मंसूरी रोज की तरह सुबह करीब 8:30 बजे अपनी दुकान खोलने पहुंचे। इसी दौरान उन्होंने दुकान के पास एक गाय का बछड़ा चारों पैर ऊपर किए हुए गंभीर हालत में पड़ा देखा। बछड़ा न तो कुछ खा-पी रहा था और न ही उठ पा रहा था। उसकी हालत चिंताजनक थी और वह तेज-तेज सांस ले रहा था।
स्थिति को देखते हुए रहमान मंसूरी ने तुरंत आसपास के लोगों को जानकारी दी। पड़ोस में स्थित आशीर्वाद क्लॉथ स्टोर, हिमालय टेलर्स रामआश्रम वर्मा और विश्वकर्मा गिरी सहित अन्य लोगों ने भी सहयोग किया। सभी ने मिलकर तुरंत पशु चिकित्सक को बुलाया। मौके पर पहुंचे डॉक्टर ने बछड़े की हालत गंभीर बताते हुए प्राथमिक उपचार शुरू किया और आवश्यक इंजेक्शन व दवाइयां दीं।
डॉक्टर द्वारा लिखी गई दवाइयां रहमान मंसूरी स्वयं मेडिकल से लेकर आए और लगातार तीन दिनों तक बछड़े की सेवा करते रहे। उनकी देखभाल और दवाइयों के असर से बछड़े की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार होने लगा। तीसरे दिन बछड़ा अपने पैरों पर खड़ा हो गया और अब पूरी तरह स्वस्थ होकर चल-फिर रहा है।
इस नेक कार्य को देखकर क्षेत्र के लोगों ने रहमान मंसूरी की जमकर सराहना की। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह घटना समाज में भाईचारे और इंसानियत की मिसाल पेश करती है, जहां सभी ने मिलकर एक बेजुबान जानवर की जान बचाने में सहयोग दिया।
यह घटना न केवल मानवता की सच्ची तस्वीर दिखाती है, बल्कि हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी सहयोग का भी सकारात्मक संदेश देती है।





