Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

दिशा बैठक में सांसद ज्ञानेश्वर पाटील का सख्त संदेश – जनहित और विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं

By
On:

खबरवाणी

दिशा बैठक में सांसद ज्ञानेश्वर पाटील का सख्त संदेश – जनहित और विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं

– नेपानगर विधायक मंजू दादू ने भी दिए निर्देश

बुरहानपुर। शनिवार को कलेक्टर कार्यालय में खंडवा लोकसभा सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटील ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण विकास, पेयजल, नगर निगम,विद्युत तथा किसानों एवं आमजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। सांसद श्री पाटील ने कहा कि प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है तथा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे, यह सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। वहीं जिन विभागों द्वारा बेहतर कार्य किया जा रहा है और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है, ऐसे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि सकारात्मक कार्य करने वालों को प्रोत्साहन मिलना चाहिए।

जारी करे नोटिस

बैठक में कुछ विभागों के प्रमुख अधिकारियों की अनुपस्थिति पर सांसद श्री पाटील ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और कहा कि दिशा समिति की बैठक जनहित से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। उन्होंने जिला कलेक्टर को निर्देश दिए कि सूचना के बाद भी अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार वर्मा अनुपस्थित रहे, जिन्हें अवकाश पर होना बताया गया।

*अपूर्ण जानकारी पर नाराजगी*

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान विभागीय जानकारी संतोषजनक तरीके से प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की गई तथा कार्यपालन यंत्री श्रीमती पद्मरेखा श्रीवास्तव को पूर्ण एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

*किसानों से जुड़े विषय में लापरवाही बर्दाश्त नहीं*

उद्यानिकी विभाग की समीक्षा में किसानों के खेतों में पॉली हाउस निर्माण कार्यों से संबंधित गंभीर विषय सामने आया, जिसमें जानकारी दी गई कि जहां पिलरों की गहराई लगभग 4 फीट होना आवश्यक है, वहां लगभग 2 फीट तक ही पिलर लगाए गए हैं। इस पर सांसद श्री पाटील ने तकनीकी जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने तथा संबंधित निर्माण एजेंसी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों से जुड़े विषयों में गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्थिति में नहीं होना चाहिए तथा मॉनिटरिंग व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाए।

क्वार्टर आवंटन तथा आउटसोर्स कर्मियों की भर्ती के जांच के निर्देश

जिला स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिला चिकित्सालय परिसर में आवंटित शासकीय क्वार्टरों के आवंटन में वरिष्ठता सूची एवं निर्धारित नियमों का पालन नहीं किए जाने का विषय सामने आया। इस पर जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति गठित कर सात दिवस के भीतर पूरे प्रकरण की जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जिला स्तर पर आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया की जांच कराने के भी निर्देश दिए गए।

*चने की घट मामले की जांच कर करवाई करे*

बैठक में सांसद ने तुकईथड़ चना खरीदी केंद्र से जुड़े मामले में लगभग 181 क्विंटल चने की घट तथा कम रकबे वाले किसानों के खातों में अधिक खरीदी दर्शाने संबंधी समाचारों पर चिंता व्यक्त की उन्होंने खरीदी प्रक्रिया की पारदर्शिता, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तथा पूरे मामले की जांच कराने और तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

विधायक की दो टूक समय सीमा का पालन हो*

बैठक में नेपानगर विधायक श्रीमती मंजू राजेंद्र दादू ने विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं के विषय प्रमुखता से उठाए। उन्होंने क्षेत्र की सड़कों की प्रगति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, लंबित विकास कार्यों तथा आमजन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा दोनों का पालन होना चाहिए तथा जनहित के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल ने शनवारा से लालबाग रेलवे स्टेशन तक लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए गए रोड में उचित जल निकासी नहीं छोड़ने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। बैठक में जिला कलेक्टर श्री हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी, श्री मनोज टंडन, श्री संजय जाधव, भाजपा युवा नेता श्री गजेंद्र पाटील, जनपद अध्यक्ष खकनार श्री राकेश सोलंकी, श्री भागवत प्रजापति, श्रीमती आशाबाई केतवास, श्रीमती आरती चौकसे ,श्री चिंतामन महाजन,डॉ दीपक वाभले,श्री संभाजी सगरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News