खबरवाणी
विधायक गंगा उइके ने दो स्कूलों को लिया गोद, कहा- अब कोई बच्चा जमीन पर नहीं बैठेगा
शासकीय कन्या माध्यमिक शाला भौरा से शिक्षा संजीवनी अभियान का हुआ शुभारंभ
भौंरा। शिक्षा व्यवस्था को मजबूत और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शनिवार को शिक्षा संजीवनी अभियान की विधिवत शुरुआत की गई। नगर के शासकीय कन्या माध्यमिक शाला भौरा में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उइके ने शासकीय विद्यालयों के कायाकल्प का संकल्प लेते हुए दो शासकीय विद्यालयों को गोद लेने की घोषणा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती उइके ने कहा कि शिक्षा ही विकास की असली नींव है। यदि बच्चों को अच्छी शिक्षा और अच्छा माहौल मिलेगा तो वे निश्चित रूप से अपने गांव, क्षेत्र और देश का नाम रोशन करेंगे। आज भी कई शासकीय स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिसके कारण बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी कमी को दूर करने के लिए शिक्षा संजीवनी अभियान शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत क्षेत्र के सभी शासकीय विद्यालयों में जनभागीदारी से कार्य कराए जाएंगे। इसमें पेयजल व्यवस्था, बिजली, पंखे, लाइट, डेस्क-बेंच, टूटे हुए खिड़की-दरवाजों की मरम्मत, बाउंड्रीवॉल निर्माण और पूरे स्कूल परिसर में रंग-रोगन का कार्य शामिल है। हमारा स्पष्ट संकल्प है कि विधानसभा क्षेत्र का कोई भी बच्चा अब टाट-पट्टी या जमीन पर बैठकर पढ़ाई नहीं करेगा, हर बच्चे को डेस्क-बेंच पर बैठने की सुविधा मिलेगी।
विधायक ने कहा कि इस पुनीत कार्य में समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जो भी दानदाता विद्यालय के विकास में सहयोग करेगा, उसके नाम को विद्यालय परिसर में लगने वाले गौरव पटल पर सम्मान के साथ अंकित किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ी भी उनसे प्रेरणा ले सके।
उन्होंने बताया कि गोद लिए गए दोनों विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां निजी स्कूलों जैसी सभी सुविधाएं बच्चों को मिलेंगी। आने वाले समय में इस मॉडल को विधानसभा के अन्य स्कूलों में भी लागू किया जाएगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर ग्राम पंचायत भौरा की सरपंच श्रीमती मीरा धुर्वे, श्री उत्तम वर्मा, डॉ. सिकन्दर, सेवानिवृत्त शिक्षक श्री जी.बी. पवार, श्री बी.आर. घोड़की, श्री मनीष खंडेलवाल, श्रीमती अनुराधा वर्मा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री आर. प्रपंच, तहसीलदार श्री विश्ने जी, सहायक संचालक श्री एस.के. जैन, बीआरसीसी श्री आर.एल. भादे, आबकारी उपनिरीक्षक श्रीमती ज्योतिका वर्मा तथा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भौरा के प्राचार्य श्री कटारे जी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।





