खबरवाणी
सोशल मीडिया की मदद से बिछड़ा मासूम मिला, परिवार से हुआ पुनर्मिलन
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। पाथाखेड़ा पुलिस चौकी में एक मासूम बालक के मिलने का मामला सामने आया, जिसने अपना नाम प्रिंस, पिता का नाम एपी और मां का नाम नेहा बताया, लेकिन वह अपना पूरा पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा था। बालक के भटकने की सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे सुरक्षित चौकी में रखा और उसके परिजनों की तलाश शुरू की।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बालक संभवतः होशंगाबाद क्षेत्र से अपने परिवार के साथ पटेल नगर पाथाखेड़ा में एक शादी समारोह में आया था। इसी दौरान वह घूमते हुए कहीं निकल गया और किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर दूर चला गया। बाद में स्थानीय लोगों की सजगता से उसे सुरक्षित पाथाखेड़ा पुलिस चौकी पहुंचाया गया।
मामले की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से तेजी से फैल गई। बालक की सूचना और पहचान से संबंधित पोस्ट वायरल होने के बाद यह खबर उसके परिजनों तक पहुंची। जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य तुरंत पुलिस चौकी पहुंचे और बच्चे की पहचान कर उसे अपने साथ सुरक्षित ले गए।
इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया की सकारात्मक भूमिका को उजागर किया है, जहां समय रहते सूचना प्रसारित होने से एक मासूम को उसके परिवार से मिलाया जा सका। यदि समय पर यह जानकारी नहीं पहुंचती, तो बच्चे के साथ कोई अनहोनी घटना भी घट सकती थी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसे मामलों में तत्परता दिखाएं और किसी भी भटके हुए बच्चे की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस को दें, ताकि उन्हें सुरक्षित उनके परिवार तक पहुंचाया जा सके।





