खबरवाणी
सेवा अभियान में गूंजा जनकल्याण का संदेश, आंगन मिलन में उमड़ा मातृशक्ति का उत्साह
महिला हितग्राहियों से सीधा संवाद, योजनाओं की दी विस्तार से जानकारी
लाड़ली बहना से पोषण तक, जनकल्याणकारी योजनाओं पर हुई सार्थक चर्चा
कैलाश आजाद बोले—हर पात्र हितग्राही तक लाभ पहुंचाना ही सेवा का संकल्प
आठनेर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रारंभ सेवा अभियान के अंतर्गत नगर के हनुमान मोहल्ला स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 06 में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम उत्साह एवं उमंग के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला हितग्राहियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को भी सामने रखा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजसेवी कैलाश आजाद ने महिलाओं से सीधा संवाद किया और केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पोषण माह, संतुलित आहार, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, घरेलू हिंसा की रोकथाम, नशामुक्ति तथा बाल विवाह रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
कैलाश आजाद ने कहा कि शासकीय योजनाओं की सफलता तभी सार्थक होगी, जब उनका लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि सेवा का वास्तविक भाव समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी समस्याओं को समझना और उसे शासन की योजनाओं से जोड़ना है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर राष्ट्रसेवा की कामना की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वार्ड क्रमांक 01 की पार्षद प्रियंका सुनील राठौर ने भी महिलाओं को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वार्ड के प्रत्येक पात्र हितग्राही को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
आंगन मिलन कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना गया तथा योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा की गई। महिलाओं ने भी अपनी आवश्यकताओं और समस्याओं से अतिथियों को अवगत कराया। इस दौरान सेवा, संवाद और जनकल्याण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
कार्यक्रम के समापन पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अनीता कनाठे ने अतिथियों एवं उपस्थित महिलाओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समाजसेवी शिवम नायक, आंगनवाड़ी सहायिका संगीता घोरसे, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मंदा मगरदे, उर्मिला गायकवाड़ एवं खातून बी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।





