खबरवाणी
श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर केंद्रीय जेल में गूंजी भक्ति की तान
कैदियों ने दी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
नरसिंहपुर। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर केंद्रीय जेल नरसिंहपुर में भक्ति, उत्साह और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। जेल प्रशासन द्वारा आयोजित श्री कृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम के दौरान पूरा जेल परिसर अध्यात्म और भजनों की धुनों से गुंजायमान हो उठा। इस विशेष अवसर पर कैदियों ने धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की ऐसी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं कि वहां मौजूद हर व्यक्ति भावविभोर हो गया।
वरिष्ठ अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अखिलेश शुक्ला, सीजेएम श्री राकेश सनोडिया, नगर पालिका अध्यक्ष नीरज महाराज व जेल अधीक्षक अदिति चतुर्वेदी की विशेष मौजूदगी में भगवान श्री कृष्ण के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ। अतिथियों ने जेल में निरुद्ध बंदियों को जन्माष्टमी पर्व की शुभकामनाएं दीं और उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन की कामना की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जीता दिल
जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में कैदियों द्वारा कृष्ण लीला, मटकी फोड़, नृत्य और भजनों की भव्य श्रृंखला पेश की गई। बंदियों द्वारा प्रस्तुत किए गए अच्युतम केशवम जैसे भजनों पर दर्शक झूमने को मजबूर हो गए तो वहीं नटखट बाल-गोपाल और राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजे कलाकारों ने जीवंत अभिनय से समां बांध दिया।
अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने प्रस्तुतिकर्ता बंदियों की कला और भावना की भूरि-भूरि प्रशंसा की। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने अपने उद्बोधन में कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन बंदियों के मानसिक तनाव को कम करने और उन्हें समाज की मुख्य धारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अतिथियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पुरस्कृत भी किया। जेल अधीक्षक अदिति चतुर्वेदी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और बताया कि जेल को सुधार गृह के रूप में विकसित करने के लिए इस तरह के आयोजन निरंतर किए जाते रहते हैं।





