खबरवाणी
भोपाल में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से मुलाकात, मजदूर शोषण का मुद्दा उठाया
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। भोपाल में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से मुलाकात कर पाथाखेड़ा क्षेत्र की कोयला खदान में मजदूरों के शोषण, वेतन वापस छीनने, डराने-धमकाने और काम से निकालने की धमकी जैसे गंभीर मामलों को उठाया गया। असंगठित कामगार प्रकोष्ठ के बैतूल जिला अध्यक्ष प्रदीप नागले ने नेता प्रतिपक्ष को इन सभी मामलों की विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि 18 दिनों तक चले आंदोलन के बावजूद ठेकेदार और प्रबंधन समझौते की शर्तों से मुकर रहे हैं।
इस संबंध में विस्तृत शिकायत नेता प्रतिपक्ष को सौंपी गई, जिस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया जाएगा।
उसी दिन पीसीसी में असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस की बैठक आयोजित हुई, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. उदित राज (पूर्व सांसद, दिल्ली) के समक्ष मंच से मजदूरों की पीड़ा रखी गई। सारनी पाथाखेडा क्षेत्र का विशेष उल्लेख करते हुए शोषण पर ध्यान आकर्षित कराया गया।
कार्यक्रम में असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रदीप नागले अपने साथियों के साथ शामिल हुए। उन्होंने कहा कि मजदूरों के अधिकारों की इस लड़ाई को वे बिना किसी स्वार्थ, डर या दबाव के अंत तक लड़ते रहेंगे।






