खबरवाणी
भौंरा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास, विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके हुईं शामिल
भौंरा। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक शाला भौंरा में आयुष विभाग, मध्यप्रदेश शासन के तत्वावधान में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके ने सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन को सुना। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम किए। इस दौरान विधायक उईके ने कहा कि योग भारत की सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान करते हुए “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” के संकल्प को साकार करने की बात कही।
योग दिवस कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष महेंद्र (रिंकू) सिरोठिया, सरपंच मीरा धुर्वे, जनपद सदस्य सुधीर गब्बर नायक, अशोक सिरोठिया, उत्तम वर्मा, भैयालाल पंड्या, डॉ. सिकदार, अनुराधा वर्मा, जनपद सीईओ फिरदोस शाह, योग प्रभारी डॉ. संतराम दोहरे, बीईओ जी.आर. बर्डे, बीआरसी भादे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। योगाभ्यास के माध्यम से स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया गया।





