खबरवाणी
नरसिंहपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई 3 मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार
थाना स्टेशनगंज एवं कोतवाली पुलिस की संयुक्त और प्रभावी कार्रवाई।
चोरी की 3 वारदातों का पर्दाफाश, कुल ₹2,25,000 मूल्य की 3 मोटरसाइकिलें बरामद।
नरसिंहपुर। पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में नरसिंहपुर पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और चोरी गए वाहनों की बरामदगी के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत थाना स्टेशनगंज और थाना कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी की तीन वारदातों का खुलासा किया है और 3 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से कुल ₹2,25,000 कीमत की 3 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
घटनाओं का विवरण
जिले में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय थी। वारदातों का विवरण इस प्रकार है:
दिनांक 20.09.2026: थाना स्टेशनगंज क्षेत्र अंतर्गत मालगोदाम के पास से एक TVS Sport मोटरसाइकिल चोरी हुई थी।
दिनांक 24.09.2026: इतवारा बाजार (थाना कोतवाली क्षेत्र) से Hero Honda Passion तथा किसानी वार्ड स्थित एक सूने मकान से TVS Raider मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायतें दर्ज की गई थीं।
संबंधित थानों में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान दिनांक 27.09.2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना कोतवाली पुलिस ने कपूरी फाटक के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को सस्ते दामों में मोटरसाइकिल बेचने की फिराक में घूमते हुए पकड़ा।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों—यशवंत झारिया और रामप्रसाद कहार—ने अपने साथी दीपक ठाकुर के साथ मिलकर इन वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर एक TVS Raider (कीमत ₹1,05,000) बरामद की गई।
इसके बाद दिनांक 29.09.2026 को मुख्य आरोपी दीपक ठाकुर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर Hero Honda Passion (कीमत ₹50,000) बरामद की गई। वहीं, थाना स्टेशनगंज पुलिस ने इसी आरोपी से पूछताछ के आधार पर मालगोदाम के पास से चोरी गई TVS Sport (कीमत ₹70,000) को भी बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
यशवंत झारिया (उम्र 35 वर्ष), पिता श्री भावसिंह झारिया, निवासी: इतवारा बाजार, राजीव वार्ड, नरसिंहपुर।
रामप्रसाद कहार (उम्र 40 वर्ष), पिता श्री हल्के कहार, निवासी: ग्राम रानी पिंडरई।
दीपक ठाकुर (उम्र 23 वर्ष), पिता श्री हनुमत ठाकुर, निवासी: ग्राम रायपानी, थाना करेली।
सराहनीय पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई में निम्नलिखित अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही
थाना प्रभारी: निरी. गौरव चाटे (कोतवाली), निरी. सौरभ पटेल (स्टेशनगंज)।
अधिकारी/कर्मचारी: उपनिरीक्षक अभिषेक पटेल, सउनि शिवराज सिंह, प्रधान आरक्षक नीरज व चंद्रशेखर, आरक्षक यमन, लोकमन, अनुराग, अभय, श्रेय अवस्थी, कुलदीप, उमेश्वर, राहुल, अंकित, सुधीर तथा साइबर सेल से महिला आरक्षक कुमुद पाठक।





