खबरवाणी
हेडलाइन – मध्यप्रदेश PMUMS संघ की मानवीय पहल बनी मिसाल
शिक्षकों के सहयोग से क्षेत्र के दिवंगत शिक्षक स्व ब्रजेश श्रीवास के परिवार को उपलब्ध कराई आर्थिक सहायता
गाडरवारा। मध्यप्रदेश PMUMS संघ एवं कर्मचारी कल्याण कोष द्वारा दिवंगत शिक्षकों के परिवारों की सहायता एवं संबल प्रदान करने हेतु दिनांक 05 मई 2026 से 20 मई तक अभियान पूरे प्रदेश में चलाया गया। यह अभियान केवल आर्थिक सहयोग तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कर्मचारियों की एकजुटता, मानवीय संवेदनशीलता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं पारिवारिक भावना का एक प्रेरणादायक और ऐतिहासिक उदाहरण बनकर सामने आया है। सम्पूर्ण प्रदेशभर के हजारों कर्मचारी साथियों, पदाधिकारियों एवं सहयोगियों ने इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और यह संदेश दिया कि PMUMS केवल एक संगठन नहीं, बल्कि हर कर्मचारी का एक मजबूत परिवार है, जो सुख-दु:ख की प्रत्येक परिस्थिति में अपने साथियों एवं उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा रहता है।संघ के जिला अध्यक्ष मधुसूदन पटैल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के अंतर्गत जिला नरसिंहपुर ग्राम बनवारी निवासी दिवंगत शिक्षक स्व. ब्रजेश श्रीवास के परिवार को शिक्षकों के सहयोग से विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से कुल ₹ 26,13,384 की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई। इसमें नामिनी पुत्र आदित्य श्रीवास के खाते में ₹ 15,25,126, पत्नी श्रीमती योगिता श्रीवास के सेंट्रल बैंक खाते में ₹ 9,12,914 तथा SBI खाते में ₹ 1,75,344 की राशि सहयोग स्वरूप जमा कराई गई। इसी प्रकार जिला बुरहानपुर निवासी दिवंगत शिक्षक स्व. श्री राजकुमार सिरोतियां के परिवार को कुल ₹ 25,92,840 की सहयोग राशि प्रदान की गई। इस प्रकार दोनों परिवारों को मिलाकर लगभग 52 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि प्रदेशभर के कर्मचारियों एवं संगठन के सहयोग से उपलब्ध कराई गई। संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद श्रीवास्तव ने बताया कि यह सहयोग अभियान PMUMS की सतत मानवीय एवं कर्मचारी हितैषी सोच का हिस्सा है। इससे पूर्व भी संगठन द्वारा दिवंगत हुए 5 शिक्षक साथियों के परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है। वर्तमान सहयोग को मिलाकर अब तक कुल 7 परिवारों को लगभग ₹ 2 करोड़ 16 लाख रुपये का सहयोग PMUMS संघ एवं कर्मचारी कल्याण कोष के माध्यम से प्रदान किया जा चुका है। जिला प्रभारी हरगोविंद लोधी ने कहा कि वर्तमान समय में जब अनेक परिवार आकस्मिक परिस्थितियों में आर्थिक एवं मानसिक संकट का सामना करते हैं, तब इस प्रकार की सहयोगात्मक पहल उन्हें संबल, सुरक्षा एवं आत्मविश्वास प्रदान करती है। PMUMS संघ का उद्देश्य केवल कर्मचारी हितों की आवाज उठाना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक साथी एवं उसके परिवार के साथ मानवीय आधार पर खड़े रहना भी है।विदित हो कि इस अभियान की सफलता संगठन की एकता, विश्वास और संवेदनशीलता का प्रत्यक्ष उदाहरण है। अभियान में प्रदेशभर के वरिष्ठ प्रांतीय पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, ब्लॉक अध्यक्षों एवं हजारों कर्मचारी साथियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। यह कर्मचारियों की यह एकता एवं संवेदनशीलता आने वाले समय में भी समाज के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी।
संघ ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी कर्मचारी हित, सामाजिक सरोकार एवं मानवीय सहयोग से जुड़े ऐसे कार्य निरंतर जारी रहेंगे तथा संगठन इसी प्रकार प्रत्येक साथी के परिवार के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।





