खबरवाणी
शिवसेना की राष्ट्रीय बैठक में मध्यप्रदेश की संगठनात्मक गतिविधियों की हुई समीक्षा
मप्र से राज्य प्रमुख राजीव चतुर्वेदी, प्रदेश प्रभारी सुरेश गुर्जर और प्रदेश सचिव विजेंद्र गोले हुए शामिल
बैतूल। शिवसेना के प्रदेश सचिव विजेंद्र गोले नई दिल्ली में आयोजित पार्टी की राष्ट्रीय बैठक में शामिल हुए। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और जनसेवा गतिविधियों को लेकर व्यापक चर्चा की गई।
नई दिल्ली स्थित शिंदे के निवास पर आयोजित बैठक में राज्य प्रमुख राजीव चतुर्वेदी, प्रदेश प्रभारी सुरेश गुर्जर, प्रदेश सचिव विजेंद्र गोले सहित देशभर के विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों और पदाधिकारियों ने भाग लिया। विजेंद्र गोले ने मध्यप्रदेश की संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए अपने सुझाव भी रखे।
बैठक में एकनाथ शिंदे ने पार्टी को जिला, तहसील और वार्ड स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने पदाधिकारियों को जमीनी स्तर पर संगठन का विस्तार करने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य राज्यों में जरूरतमंदों के लिए एम्बुलेंस सेवाएं उपलब्ध कराने की घोषणा भी की गई।
शिंदे ने अपने संघर्षपूर्ण जीवन का उल्लेख करते हुए धर्मवीर स्वर्गीय आनंद दिघे के आदर्शों और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। बैठक में विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारियों ने क्षेत्रीय और संगठनात्मक विषयों पर अपने सुझाव रखे, जिन पर चर्चा करते हुए समाधान का आश्वासन दिया गया।
राष्ट्रीय सचिव कैप्टिन अभिजीत अडसुल ने विभिन्न राज्यों में पार्टी द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। सदस्यता अभियान को गति देने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी बैठक में विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।





