खबरवाणी
5 वर्षो से अलग अलग रह रहे पति पत्नी को लोक अदालत ने मिलाया
मुलताई। शादी के 25 साल में से 20 साल साथ में रहे दम्पति घरेलू विवाद के चलते 5 सालो से अलग अलग रह रहे थे। मामला तलाक के लिए कोर्ट तक पहुंच गया था,लेकिन शनिवार को आयोजित हुई लोक अदालत दम्पति के लिए पुनः मिलन की मिसाल बनकर आई और न्यायाधीशो सहित अधिवक्ताओ के समझाने के बाद पति-पत्नी ने आपसी मतभेद भुलाकर फिर से साथ में दाम्पत्य जीवन गुजारने का फैसला लिया। अधिवक्ता परमार सिंह ठाकुर ने बताया दुनावा निवासी बल्लू और निर्मला की शादी को करीब 25 वर्ष हो चुके हैं। पारिवारिक विवाद के चलते दोनों पिछले पांच साल से अलग-अलग रह रहे थे। मामला धीरे-धीरे इतना बढ़ गया था कि बात तलाक तक पहुंच गई थी। लोक अदालत में प्रकरण की सुनवाई के दौरान न्यायाधीशों ने पति-पत्नी को समझाइश देते हुए परिवार को साथ रखने के लिए बातचीत की। आपसी चर्चा के बाद दोनों साथ रहने के लिए तैयार हो गए।शनिवार को लोक अदालत में न्यायाधीश यतेश सिसोदिया, संजय भलावी, लक्ष्मण डोडवे, निशा कुरील, अभिजीत वास्कले और सरिता डाबर कि उपस्थिति में पति पत्नी ने एक दूसरे के गले में फुल माला डालकर साथ साथ घर रवाना हुए।




