खबरवाणी
ग्राम दुनावा में शिविर आयोजित कर मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 का किया शुभारंभ
जिले में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 का शुभारंभ, ग्राम दुनावा में लगा पहला विशेष
शिविर मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शिविर में 51 यूनिट रक्तदान
प्राइमरी शाला दुनावा का किया लोकार्पण
विभागीय प्रदर्शनी के माध्यम से हितग्राहियों को योजनाओं की दी जानकारी
जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत विशेष शिविरों की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ मुलताई विकासखंड के दुनावा क्लस्टर के ग्राम दुनावा में आयोजित शिविर से हुआ। इस अवसर पर मुलताई विधायक श्री चंद्रशेखर देशमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजा पवार, वीबीरामजी आयुक्त श्री अवि प्रसाद, कलेक्टर डॉ.सौरभ संजय सोनवणे ने सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी सहित अन्य शिकायतों और जन समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की। इस दौरान प्राप्त 256 आवेदनों में से 209 आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया। वहीं शेष 56 आवेदनों का समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा शिविर के दौरान प्राइमरी शाला दुनावा का लोकार्पण भी किया गया।
अंतिम छोर के हितग्राही तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ : विधायक श्री चंद्रशेखर देशमुख
मुलताई विधायक श्री चंद्रशेखर देशमुख ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रारंभ हुए मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के पात्र हितग्राही तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मुलताई विधानसभा क्षेत्र में इस अभियान का शुभारंभ दुनावा क्लस्टर से किया गया है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना, नामांतरण, बंटवारा, फार्मर आईडी, खाद वितरण के लिए टोकन, फसल बीमा सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के माध्यम से इन समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि स्वयं गांवों में पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुन रहे हैं और उनका मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने गांव में आयोजित जन-विश्वास अभियान के शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराएं तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करें।
गांव-गांव जाकर सुनी जाएंगी समस्याएं : जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजा पवार
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजा पवार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा है कि शासन की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान प्रारंभ किया गया है, जिसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 7 अगस्त से 8 जनवरी 2027 तक संचालित होने वाले इस अभियान के दौरान प्लास्टर स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में राजस्व, पंचायत, कृषि, खाद्य, स्वास्थ्य, विद्युत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आमजन की समस्याएं सुनेंगे और उनका मौके पर ही निराकरण करेंगे।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र हितग्राही को शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो तथा लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराएं तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त करें।
आयुक्त श्री अवि प्रसाद ने वीपीबी रामजी योजना की दी जानकारी
वीबीरामजी आयुक्त श्री अवि प्रसाद ने ग्रामीणों को वीबीजी रामजी योजना की जानकारी देते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण परिवारों की आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके अंतर्गत ‘एक बगिया मां के नाम’ जैसी पहल के साथ पशु शेड निर्माण, आजीविका संवर्धन एवं अन्य हितग्राही मूलक गतिविधियों को भी शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि वीबीजी रामजी योजना में सरपंचों के अधिकार पूर्ववत बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत श्रमिकों को 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।
ग्राम दुनावा में आयोजित प्रथम विशेष शिविर में चिखलीकला, सोनेगांव, मयावाड़ी, दुनावा, सिपावा, भैसादण्ड, सरई, घाटपिपरिया, कपासिया, रिधोरा एवं लेन्दागोंदी ग्राम पंचायतों के ग्रामीण पहुंचे। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी के माध्यम से हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया तथा आमजन की समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त कर उनके निराकरण की कार्रवाई की गई।
विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और कलेक्टर ने रक्तदान शिविर का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम दुनावा में आयोजित विशेष शिविर के दौरान रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शासकीय अधिकारी, कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। इस दौरान मुलताई विधायक श्री चंद्रशेखर देशमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजा पवार, कलेक्टर डॉ.सौरभ संजय सोनवणे ने रक्तदान शिविर का अवलोकन कर ग्राम पंचायत सचिव को प्रशस्ति पत्र भेंट किया।




