खबरवाणी
मजदूर पर चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी की भी मौत
बोरी गांव के खेत में लहूलुहान हालत में मिला था आरोपी, अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। पाथाखेड़ा क्षेत्र की संत रविदास कॉलोनी में पुरानी रंजिश को लेकर सारनी पावर प्लांट में ठेका कर्मचारी के रूप में कार्यरत 50 वर्षीय गुलाब राव बचले पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। घटना के आरोपी दिलीप बगाहे की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार संत रविदास कॉलोनी निवासी गुलाब राव बचले गुरुवार सुबह रोजाना की तरह ड्यूटी के लिए सारनी पावर प्लांट जा रहे थे। इसी दौरान वार्ड क्रमांक 13 स्थित एक छोटी दुकान के पास उनके ही मोहल्ले में रहने वाले दिलीप बगाहे ने उनका रास्ता रोक लिया। दोनों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर दिलीप ने कथित तौर पर धारदार चाकू से गुलाब राव के गले पर वार कर दिया।
हमले में गुलाब राव गंभीर रूप से घायल हो गए। खून से लथपथ हालत में वे वहां से भागे। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल गुलाब राव को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए भोपाल रेफर किया गया।
इधर, घटना के बाद आरोपी दिलीप बगाहे आमला थाना क्षेत्र के बोरी गांव स्थित एक खेत में लहूलुहान हालत में मिला। उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान बताए गए हैं। उसे पहले आमला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया। आईसीयू में उपचार के दौरान दिलीप बगाहे की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक के गर्दन और पेट पर चोट के निशान मिले हैं। सारनी थाने में मजदूर पर जानलेवा हमले का मामला दर्ज है। अब आरोपी की मौत ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दिलीप की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।





