खबरवाणी
जन-विश्वास अभियान: दुनावा में कलेक्टर ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला भवन का किया लोकार्पण
मुलताई। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने ग्राम पंचायत दुनावा में आयोजित जन-समस्या समाधान शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, नाली, पेयजल, बिजली, फसल बीमा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं कलेक्टर के समक्ष रखीं, जिनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
शिविर में कुल 265 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 209 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
ग्रामीणों ने बताया कि नल-जल योजना की पाइपलाइन का कार्य अभी अधूरा है। इस पर कलेक्टर ने जल निगम के संबंधित अधिकारियों को रक्षाबंधन से पहले ठेकेदार के माध्यम से पाइपलाइन बिछाने के निर्देश दिए। साथ ही वर्धा डैम के इंटेक वेल एवं वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कार्य भी शीघ्र पूर्ण कराने को कहा।
फसल बीमा की राशि खातों में जमा नहीं होने की शिकायत पर उप संचालक कृषि को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधूरे नाली निर्माण, बिजली संबंधी समस्याओं, खराब सोलर उपकरणों की शिकायत तथा रास्ते पर अतिक्रमण के मामलों में भी कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने भवन का अवलोकन कर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा परिसर के समुचित रखरखाव के निर्देश दिए।
शिविर के साथ ही रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 52 यूनिट रक्तदान किया गया। ग्रामीणों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर अभियान को सफल बनाया।
इसके उपरांत कलेक्टर ने ग्राम घाटपिपरिया में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
शिविर में मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी इंदिरा महतो, डिप्टी कलेक्टर कामिनी ठाकुर, एसडीएम राजीव कहार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




