खबरवाणी
कायाकल्प 2.0 के निरीक्षण में खुली घटिया निर्माण की पोल, सीएमओ ने दिए भुगतान रोकने के निर्देश
एचडीएफसी बैंक से टांगा स्टैंड तक बन रही सड़क का सीएमओ नवनीत पांडेय ने किया निरीक्षण
दो करोड़ के विकास कार्यों में मिली खामियां,
बैतूल। कायाकल्प 2.0 योजना के तहत लगभग दो करोड़ रुपए की लागत से शहर के गंज क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता संबंधी गंभीर खामियां सामने आने पर नगर पालिका प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पाण्डेय ने मंगलवार 23 जून को एचडीएफसी बैंक के सामने से टांगा स्टैंड तक बन रही सड़क, नाली एवं डिवाइडर निर्माण कार्यों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जहां रोड डिवाइडर का निर्माण बेहद घटिया गुणवत्ता का पाया गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने पाया कि संबंधित ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य में भारी लापरवाही बरती जा रही है तथा कार्य शासन द्वारा निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। निर्माण की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने मौके पर ही कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित ठेकेदार को तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट रूप से कहा कि उक्त निर्माण कार्य का भुगतान भी तत्काल प्रभाव से रोका जाए।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पाण्डेय ने कहा कि बैतूल नगर के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता के पैसे का सदुपयोग सुनिश्चित करना तथा मजबूत एवं टिकाऊ निर्माण कार्य कराना नगर पालिका की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ भविष्य में ब्लैकलिस्टिंग जैसी कठोर दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।





