खबरवाणी
जसौंदी में ‘सेवा सेतु अभियान’ ने ग्रामीणों की समस्याओं को दिया समाधान का सेतु, अर्चना चिटनिस ने ग्रामीणों से किया आत्मीय जनसंवाद, मौके पर सुनी समस्याएं और कराया त्वरित निराकरण
बुरहानपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम जसौंदी में ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत जनकल्याणकारी शिविर एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने ग्रामीणों से आत्मीय जनसंवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं और आवश्यकताओं को केवल सुना ही नहीं, बल्कि संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही चर्चा कर समस्याओं के त्वरित निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित कराई।
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के दौरान ग्रामीणों को यह अनुभव हुआ कि उनकी समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि उनके बीच उपस्थित हैं। श्रीमती चिटनिस ने एक-एक कर ग्रामीणों की बात सुनी, संबंधित विभागों से प्रकरण की स्थिति की जानकारी ली और जहां तत्काल कार्रवाई संभव थी, वहां मौके पर ही समाधान कराया। अन्य विषयों में भी अधिकारियों को स्पष्ट एवं आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
शिविर में ग्रामीणों ने संबल कार्ड बंद होने, पेंशन प्रारंभ नहीं होने तथा खाद्यान्न पात्रता पर्ची से संबंधित समस्याएं श्रीमती चिटनिस के समक्ष रखीं। उन्होंने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से तत्काल चर्चा की। अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाने के बाद पात्र हितग्राहियों के संबल कार्ड पुनः चालू करने की कार्रवाई की गई, पेंशन तुरंत प्रारंभ कराई गई तथा खाद्यान्न पात्रता पर्ची का त्वरित लाभ उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की गई। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि पात्र व्यक्ति को शासन की योजना का लाभ लेने के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े। यदि किसी स्तर पर तकनीकी अथवा प्रशासनिक कारण से हितग्राही का लाभ रुकता है तो संबंधित विभाग उसकी समस्या को प्राथमिकता से समझकर उसका समाधान करे।
ग्रामीणों ने बिजली कनेक्शन, बिल एवं विद्युत सेवाओं से जुड़ी अपनी समस्याएं भी रखीं। श्रीमती चिटनिस ने संबंधित विद्युत अधिकारियों से मौके पर ही चर्चा कर प्रकरणों की जानकारी ली और बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निदान के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ किया जाए तथा जिन मामलों में मौके पर समाधान संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने काजवे कम डेम के निर्माण में आ रही कठिनाइयों का विषय भी श्रीमती चिटनिस के समक्ष रखा। वन विभाग द्वारा अनुमति इत्यादि विषयों पर चर्चा कर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, तकनीकी एवं प्रशासनिक कठिनाइयों तथा आगे की कार्यवाही के संबंध में जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। श्रीमती चिटनिस ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने तथा आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण एवं सिंचाई से जुड़े कार्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण हैं, इसलिए ऐसे कार्यों में आने वाली कठिनाइयों का समाधान प्राथमिकता से किया जाना चाहिए।
*शासकीय माध्यमिक शाला का निरीक्षण, बच्चों से जाना पढ़ाई का हाल*
सेवा सेतु अभियान के दौरान श्रीमती अर्चना चिटनिस ने ग्राम की शासकीय माध्यमिक शाला का निरीक्षण भी किया। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उनसे आत्मीय संवाद किया। बच्चों से उनकी पढ़ाई, पसंदीदा विषय, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर मेहनत के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आज की मेहनत ही भविष्य की मजबूत नींव तैयार करती है। उन्होंने विद्यालय की आवश्यकताओं और विद्यार्थियों से संबंधित विषयों पर भी जानकारी ली तथा संबंधितों से आवश्यक चर्चा की।
शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। श्रीमती चिटनिस ने योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से सीधे संवाद कर उनके अनुभव और योजनाओं से मिल रहे लाभ का फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों से भी जानकारी ली कि ग्राम में पात्र हितग्राहियों को किन-किन योजनाओं का लाभ मिल रहा है और किन पात्र परिवारों को अभी योजनाओं से जोड़े जाने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्रता रखने वाले प्रत्येक परिवार तक योजनाओं की जानकारी पहुंचे और पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया में सहयोग किया जाए।
श्रीमती चिटनिस ने ग्राम जसौंदी में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीणों से स्थानीय विकास की आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयसीमा पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देने चाहिए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए और स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने का प्रयास किया जाए, ताकि ग्रामीणों को उनका वास्तविक लाभ मिल सके।
जनकल्याणकारी शिविर के साथ आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया। श्रीमती चिटनिस ने स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन किया और चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से भी स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं पर संवाद किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत करना आवश्यक है। समय पर जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक उपचार की सुविधा मिलने से अनेक स्वास्थ्य समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सकता है।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य तभी पूर्ण होता है, जब उनका लाभ पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘सेवा ही संगठन’ के मूल मंत्र से प्रेरणा लेकर सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा को गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है। ‘सेवा सेतु अभियान’ जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और प्रशासन के बीच संवाद का ऐसा माध्यम है, जिसमें समस्या सीधे सामने आती है और उसके समाधान के लिए तत्काल पहल की जाती है। ग्राम जसौंदी में आयोजित शिविर में योजनाओं का लाभ, स्वास्थ्य सेवाएं, जनसंवाद, समस्याओं का मौके पर निराकरण, विकास कार्यों की समीक्षा और विद्यार्थियों से संवादकृइन सभी गतिविधियों के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया गया।
शिविर के दौरान कलेक्टर हर्षसिंह, जिला पंचायत सीईओ सृजन वर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटील, शाहपुर नगर परिसर अध्यक्ष प्रतिनिधि वीरेंद्र तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.मनोज माने, मंडल अध्यक्ष नितिन महाजन, आकाश राखोंडे, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.मनोज माने, भाजपा महामंत्री ईश्वर चौहान, सुनील वाघे, रवि जैन, अशोक राठौड़, कनिराम राठौड़ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





