खबरवाणी रफीक
खबर का असर: रेलवे क्रॉसिंग के ऊंचे ब्रेकर का समतली करण का कार्य शुरू,
वाहन चालकों को मिलेगी राहत
खबरवाणी रफीक
सारनी। रेलवे क्रॉसिंग पर बनाए गए ऊंचे ब्रेकर से वाहन चालकों को हो रही परेशानी को लेकर खबरवाणी न्यूज़ द्वारा प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी। खबर के बाद अब संबंधित ब्रेकर में सुधार के लिए खुदाई का काम शुरू कर दिया गया है।
शोभापुर कॉलोनी से स्टाफ क्षेत्र, कालीमाई, तिगद्दा की ओर जाने वाले मार्ग पर बने ब्रेकर की ऊंचाई अधिक होने के कारण कारों के नीचे का हिस्सा, साइलेंसर और अन्य पार्ट टकराने की शिकायतें सामने आ रही थीं। वाहन चालकों को ब्रेकर पार करने के लिए कार तिरछी करके निकालनी पड़ रही थी।
खबर प्रकाशित होने के बाद अब ब्रेकर में समतली करण कार्य शुरू होने से वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान ही यदि ब्रेकर की ऊंचाई और वाहनों की आवाजाही का ध्यान रखा जाता तो सुधार की जरूरत ही नहीं पड़ती।
इसी मामले ने ठेकेदारी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। कई बार बड़े ठेके लेने के बाद काम आगे पेटी ठेकेदारों को दिए जाने की व्यवस्था में काम की गुणवत्ता और निगरानी पर सवाल उठते हैं। ऐसे में संबंधित विभाग को निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित मापदंडों की नियमित जांच करनी चाहिए।





