खबरवाणी
आमला: शासकीय भूमि से हटाया अवैध कब्जा, पहाड़ी और आबादी क्षेत्र पर बना रखे थे मकान।
आमला। तहसील के ग्राम हरण्या में प्रशासन ने आज शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए बड़ी कार्रवाई की। यहाँ कुछ लोगों ने बिना किसी अनुमति के शासकीय आबादी और पहाड़-चट्टान वाली बेशकीमती जमीन पर अवैध रूप से पक्के आवास निर्मित कर लिए थे। प्रशासन की इस सख्ती से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
नायब तहसीलदार के आदेश पर हुई कार्रवाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम हरण्या में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए नायब तहसीलदार बोरदेही ने मौके का निरीक्षण किया और साक्ष्यों के आधार पर बेदखली के आदेश पारित किए। इसी आदेश के पालन में बुधवार, 04 जून 2026 को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्यवाही शुरू की गई।
इनका हटाया गया कब्जा
प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जिन अतिक्रमणकर्ताओं के अवैध निर्माण हटाए, उनमें दीपक बेले, कमला पति हेमराज, सुरेश पिता किशोरी, सोमेंद्र सातनकर और सुखचंद पिता सुंदरलाल शामिल हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह का अभियान जारी रहेगा।
भारी अमला रहा तैनात
कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। इस अभियान में मुख्य रूप से सहायक कलेक्टर पुष्पराज, एसडीएम आमला, एसडीओपी मुल्ताई, तहसीलदार आमला, सीईओ जनपद आमला और टीआई बोरदेही सहित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।





