खबरवाणी
शिवधाम झिरी मार्ग का 15 दिन में नहीं हुआ समाधान तो होगा आंदोलन
मुलताई। ग्राम प्रभात पट्टन के पास स्थित शिवधाम मंदिर झिरी पहुंच मार्ग के निर्माण की मांग श्रद्धालुओं एवं मंदिर समिति द्वारा कई दिनों से की जा रही है। बुधवार को क्षेत्रवासियों ने कलेक्टर को सम्बोधित ज्ञापन तहसीलदार संतोष पथरिया को सौंपकर ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि 15 दिन में सड़क का समाधान नहीं निकला तो आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है शिवधाम झिरी क्षेत्रवासियो की आस्था का बड़ा केंद्र है। मुख्य मार्ग से मंदिर तक जाने वाला करीब डेढ़ किलोमीटर का रास्ता कई सालों से कच्चा और खराब है। बारिश में यह मार्ग दलदल हो जाता है, जिससे श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को आवागमन में बहुत परेशानी होती है।सावन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़ यात्री यहां आते हैं। खराब रास्ते से उन्हें परेशानी होती है। ग्रामीणों के बताया सड़क के लिए पहले भी कई बार ज्ञापन दिए गए हैं। विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने सड़क मरम्मत के लिए दो लाख रुपए मंजूर किए थे,लेकिन काम शुरू नहीं हुआ। सड़क को लेकर जनप्रतिनिधियों से बात की जा चुकी है, लेकिन सड़क को लेकर कोई भी गंभीर नहीं है। ग्रामीणों ने 15 दिनों मद पक्की सड़क का कार्य प्रारम्भ करने की मांग की है। कार्य प्रारंभ नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। 






