खबरवाणी
रानीपुर रोड पर भीषण सड़क हादसा,दो युवकों की मौत, तीन गंभीर घायल
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी।
शनिवार रात्रि क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रात्रि करीब 11 बजे रानीपुर और आमढाना के बीच दो मोटरसाइकिल सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद जानकारी मिली कि हादसे के तुरंत बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए थे। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की और तत्काल 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि किसी अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिलों को टक्कर मारी, जिससे हादसा हुआ।
उल्लेखनीय है कि इसी मार्ग पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार यह दुर्घटनाएं नशे की हालत में वाहन चलाने के कारण भी होती हैं। शराब पीकर तेज गति से वाहन चलाना हादसों की बड़ी वजह बन रहा है।
रानीपुर रोड टू-लेन होने के कारण वाहन तेज गति से चलते हैं। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों से निकलने वाले कच्चे रास्तों (पगडंडी) से अचानक वाहन मुख्य सड़क पर आ जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है।
नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इन रास्तों के पास स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं, ताकि गति नियंत्रित हो सके और हादसों में कमी आए।
फिलहाल रानीपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





