खबरवाणी
सड़क किनारे मेडिकल वेस्ट मिलने से मचा हड़कंप, इंसान और मवेशियों की सुरक्षा पर उठे सवाल
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। पाथाखेड़ा जीएम ऑफिस से शोभापुर कॉलोनी जाने वाली बीटीसी सेंटर के पास सड़क किनारे दोनों ओर बड़ी मात्रा में मेडिकल वेस्ट पड़ा मिलने से गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मौके पर दवाइयों की बोतलें, प्लास्टिक सामग्री, मेडिकल उपयोग में आने वाली वस्तुएं और अन्य अपशिष्ट सामग्री बिखरी हुई दिखाई दी।
मेडिकल वेस्ट खुले में सड़क किनारे फेंके जाने से इंसानों के साथ-साथ मवेशियों और अन्य जानवरों के इसकी चपेट में आने का खतरा बना हुआ है। खास बात यह है कि मौके पर इस कचरे के आसपास कोई पॉलिथीन, कूड़ेदान या व्यवस्थित पैकिंग दिखाई नहीं दी। इससे आशंका जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति द्वारा मेडिकल अपशिष्ट को किसी कंटेनर या बोरी में लाकर यहां फेंका गया होगा।
हालांकि यह मेडिकल वेस्ट किस अस्पताल, क्लीनिक या व्यक्ति से संबंधित है, यह जांच का विषय है। लेकिन जिस तरह से मेडिकल सामग्री खुले में सड़क किनारे पड़ी मिली है, उससे पर्यावरण और जनस्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग, नगर प्रशासन और पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर यह पता लगाया जाना चाहिए कि मेडिकल वेस्ट यहां कौन और कब लेकर आया। दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह मेडिकल कचरा खुले में फेंकने की घटनाओं पर रोक लग सके।
मेडिकल वेस्ट का सुरक्षित और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निपटारा किया जाना आवश्यक है। सड़क किनारे खुले में मेडिकल कचरा फेंकना लोगों और पर्यावरण दोनों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।





