Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

भौंरा में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 325 मरीजों ने कराई जांच

By
On:

खबरवाणी

भौंरा में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 325 मरीजों ने कराई जांच

एलोपैथी, आयुर्वेद और होम्योपैथी विशेषज्ञों ने दिया परामर्श, निःशुल्क दवाओं का वितरण

भौंरा। ग्रामीण अंचल के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भौंरा में शुक्रवार को बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य एवं आयुष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एलोपैथी, आयुर्वेद एवं होम्योपैथी चिकित्सा पद्धतियों के संयुक्त काउंटर लगाए गए, जहां विभिन्न रोगों से पीड़ित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया। शिविर का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक गंगा सज्जन सिंह उइके ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुबह से ही मरीजों की भीड़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने लगी थी। दिनभर चले शिविर में कुल 325 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों तथा सामान्य रोगियों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई थी, जिससे लोगों को बिना परेशानी विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिल सकीं। शिविर में बीएमओ डॉ. एस.के. रघुवंशी के मार्गदर्शन में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। इसमें डॉ. राजेंद्र परिहार, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कविता कोरी, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अनवर गिलानी, डॉ. सोनू गोंड, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. चंचल शर्मा तथा जनरल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. रुपेश कुंभलकर ने मरीजों की जांच कर उपचार संबंधी सलाह दी। वहीं आयुष विभाग की ओर से आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी डॉ. प्रहलाद नागले, सहायक नोडल अधिकारी डॉ. रेना कासदे, डॉ. ज्योति कुमरे तथा आयुर्वेद कंपाउंडर संतराम दोहरे ने आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक परामर्श देकर औषधियों का वितरण किया। शिविर केवल उपचार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता का भी माध्यम बना। आयुष विभाग द्वारा लोगों को औषधीय पौधों की खेती, संतुलित जीवनशैली, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उपाय तथा आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर योग के महत्व की जानकारी दी गई। आगंतुकों का प्रकृति परीक्षण कर उन्हें उनके स्वास्थ्य के अनुरूप जीवनशैली अपनाने की सलाह भी दी गई।
ग्रामीण क्षेत्र में एक ही स्थान पर एलोपैथी, आयुर्वेद और होम्योपैथी चिकित्सा विशेषज्ञों की उपलब्धता से मरीजों को काफी राहत मिली। कई लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार ऐसे शिविरों का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है।
कार्यक्रम के अंत में बीएमओ डॉ. एस.के. रघुवंशी ने सभी चिकित्सकों, आयुष विभाग के अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए इस प्रकार के संयुक्त शिविर आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे।
विधायक गंगा सज्जन सिंह ने
अपने संबोधन में कहा सरकार की प्राथमिकता है कि ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचें। भौंरा में आयोजित यह संयुक्त स्वास्थ्य शिविर लोगों को विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

For Feedback - feedback@example.com

Related News

Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News