खबरवाणी
पंचायत से संगठन तक निभाई जिम्मेदारी, अब प्रदेश में संभालेंगे मीडिया की कमान
नवील वर्मा बने कुर्मी क्षत्रिय समाज के प्रदेश सोशल मीडिया एवं मीडिया प्रभारी, युवा कार्यकारिणी में मिली जिम्मेदारी
भौंरा । बांका खेड़ी निवासी नवील वर्मा पिता गणेश वर्मा को म.प्र. कुर्मी क्षत्रिय समाज की प्रदेश युवा कार्यकारिणी में सोशल मीडिया एवं मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। प्रदेश स्तर पर मिली इस जिम्मेदारी के तहत वे समाज की गतिविधियों, कार्यक्रमों और संगठनात्मक कार्यों को मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने का दायित्व संभालेंगे। नियुक्ति म.प्र. कुर्मी क्षत्रिय समाज के प्रदेश अध्यक्ष रामलेखन पटेल एवं प्रदेश युवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के प्रदेश अध्यक्ष तेज कुमार गौर द्वारा की गई है। संगठन ने समाज के प्रति उनकी सक्रियता और कार्यभावना को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। नवील वर्मा इससे पहले समाज की जिला कार्यकारिणी में विभिन्न पदों पर रहकर अपने दायित्व का निर्वहन कर चुके हैं। सामाजिक संगठन के साथ कार्य करने के साथ ही उन्होंने अपने गृह ग्राम कुंडी की ग्राम पंचायत में पंच, उपसरपंच एवं सरपंच के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली है। पंचायत से लेकर सामाजिक संगठन तक विभिन्न दायित्वों का अनुभव रखने वाले वर्मा को अब प्रदेश युवा कार्यकारिणी में मीडिया से जुड़ी जिम्मेदारी दी गई है। नई भूमिका में वे समाज के कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की जानकारी को मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर तक पहुंचाने के साथ संगठन की गतिविधियों एवं रीति-नीति के प्रचार-प्रसार में भूमिका निभाएंगे। उनकी नियुक्ति पर समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे सक्रियता के साथ अपनी नई जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।





