खबरवाणी
भौंरा में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला प्रभारी मनजीत कलोसिया का भव्य स्वागत
कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का किया आह्वान
भौंरा। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के बैतूल जिला प्रभारी मनजीत कलोसिया के बैतूल प्रवास के दौरान इटारसी से बैतूल जाते समय भौंरा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। बस स्टैंड स्थित मिश्रा बेकरी केंद्र पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में सर्वप्रथम कार्यकर्ताओं ने जिला प्रभारी का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया तथा पुष्पमाला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। स्वागत के बाद आयोजित संक्षिप्त बैठक में जिला प्रभारी मनजीत कलोसिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर के सक्रिय कार्यकर्ताओं से ही सुनिश्चित होती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी ही भाजपा की सफलता का आधार है। कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों एवं अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया गया। कार्यकर्ताओं ने जिला प्रभारी को क्षेत्र की संगठनात्मक गतिविधियों से अवगत कराया और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से जय किशोर मिश्रा, दिलीप माधव, सुनील राठौर, गब्बर साहू, सुनील धुर्वे, कमलेश जखोदिया, रूपनारायण मालवीय सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





