खबरवाणी
मां ताप्ती जन्मोत्सव पर निकाली भव्य जन-जागरण रैली, लगाए मां ताप्ती के जयकारे
मुलताई। मां ताप्ती जन्मोत्सव पर नगरपालिका द्वारा तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम के प्रथम दिवस शनिवार को नगर पालिका द्वारा जन-जागरण रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ गायत्री मंदिर परिसर से नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू प्रहलाद सिंह परमार ने हरी झंडी दिखाकर किया।
यह जन-जागरण रैली गायत्री मंदिर से प्रारंभ होकर फव्वारा चौक, नागपुर नाका एवं मेघनाथ मोहल्ला सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पीएम श्री कन्या विद्यालय पहुंची, जहां रैली का समापन किया गया। रैली का उद्देश्य मां ताप्ती जन्मोत्सव के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाना, सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं के प्रति आस्था को सुदृढ़ करना तथा अधिक से अधिक लोगों को जन्मोत्सव के कार्यक्रमों से जोड़ना था।
रैली में नगर के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने मां ताप्ती के जयघोष, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता से संबंधित संदेशों के साथ नगरवासियों को जन्मोत्सव में सहभागिता के लिए प्रेरित किया। विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए रैली को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में सभापति एवं पार्षद महेंद्र (पिल्लू) जैन, श्रीमती शिल्पा मनीष शर्मा, रितेश विश्वकर्मा, मंडल अध्यक्ष गणेश साहू, अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीरेन्द्र तिवारी तथा नगर पालिका परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने रैली में सहभागिता कर मां ताप्ती जन्मोत्सव को सफल एवं गरिमामय बनाने का संदेश दिया।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू प्रहलाद सिंह परमार ने कहा कि मां ताप्ती जन्मोत्सव नगर की आस्था, संस्कृति और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से तीन दिवसीय कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने तथा कार्यक्रमों को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने की अपील की।एवं पीएम श्री कन्या शाला में पौधरोपण किया।





