खबरवाणी
चार दशक तक शिक्षा की अलख जगाने वाले संतोष वर्मा का भव्य सम्मान
सेवानिवृत्ति समारोह में विधायक गंगा उईके व पूर्व विधायक मंगल सिंह धुर्वे ने शाल-श्रीफल से किया सम्मान
भौंरा। चार दशक तक गांवों और कस्बों में शिक्षा की अलख जगाने वाले सहायक शिक्षक संतोष कुमार वर्मा के सेवानिवृत्त होने पर मंगलवार को विजय भवन, शाहपुर में भावपूर्ण एवं गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में उनके चार दशक लंबे सेवाकाल को शिक्षा और समाज के प्रति समर्पण की मिसाल बताते हुए अतिथियों एवं विभिन्न संगठनों ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उईके तथा अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य एवं पूर्व विधायक मंगल सिंह धुर्वे विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों अतिथियों ने श्री वर्मा को शाल एवं श्रीफल भेंट कर उनके सेवाकाल की सराहना की। अतिथियों ने कहा कि शिक्षक का योगदान केवल कक्षा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वह कई पीढ़ियों के भविष्य को आकार देता है।
समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। देश के विख्यात कथावाचक श्री राजीव पांडे ने मंत्रोच्चार किया। कार्यक्रम का मंच संचालन राष्ट्रीय कवि श्री मनोज शुक्ल ‘हिन्दुस्तानी’ ने किया। इस दौरान राष्ट्रीय सत्संग मंडल परिवार एवं विद्यालय परिवार कामठी संकुल कुंडी की ओर से श्री वर्मा को मानपत्र भेंट कर उनके योगदान का सम्मान किया गया।
अगस्त 1986 से अगस्त 2026 तक 40 वर्षों के सेवाकाल में श्री वर्मा ने मोरखा, देशावाड़ी, भयावाड़ी, शाहपुर और कामठी में शैक्षणिक सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ ही विद्यालय और समाज के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में अपनी भूमिका निभाई।समारोह में कुड़मी समाज के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वर्मा सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी श्री वर्मा का सम्मान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। समारोह के दौरान सहकर्मियों, विद्यार्थियों और समाजजनों ने उनके सेवाकाल की स्मृतियां साझा करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं।





