खबरवाणी
20 दिन की जॉब ट्रेनिंग से छात्राओं ने सीखे रोजगार के हुनर
भौरा। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ रोजगार से जोड़ने की दिशा में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भौरा में 20 दिवसीय ऑनलाइन जॉब ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। व्यावसायिक शिक्षा के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण में छात्राओं को विभिन्न कार्यों का व्यावहारिक अनुभव दिया गया, जिससे उनमें आत्मविश्वास और कार्यकुशलता विकसित हुई।
आईटी एंड आईटीईएस विषय की छात्राओं की ऑन द जॉब ट्रेनिंग भौरा के ऑनलाइन सेंटर में कराई गई। यहां छात्राओं को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, डाटा एंट्री, प्रिंटिंग और डिजिटल सेवाओं से जुड़े कार्य सिखाए गए। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं ने वास्तविक कार्यस्थल की तरह काम करते हुए जरूरी तकनीकी जानकारी प्राप्त की।
वहीं ब्यूटी एंड वेलनेस विषय की छात्राओं को स्थानीय ब्यूटी पार्लर में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं ने स्किन केयर, हेयर कटिंग, फेस मेकअप और ब्यूटी केयर से जुड़ी तकनीकों का अभ्यास किया। इससे छात्राओं को स्वरोजगार के अवसरों की भी जानकारी मिली। कार्यक्रम ब्यूटी एंड वेलनेस शिक्षिका प्रिया गीद एवं आईटी शिक्षिका नीलिमा पतार के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। संपूर्ण प्रशिक्षण विद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुरेश कुमार कटारे के निर्देशन में संपन्न हुआ।
प्राचार्य डॉ. कटारे ने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों को केवल किताबों तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है। उन्हें व्यवहारिक और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण देना जरूरी है, ताकि वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण आगे भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे छात्राओं में व्यावसायिक कौशल और आत्मविश्वास बढ़े।





